- पुलिस मित्र की नौकरी के झांसे में ठगे गए 42 युवक
मोतिहारी, नरेंद्र झा। एक एनजीओ ने पुलिस मित्र की फर्जी नौकरी देकर पूर्वी चंपारण के दर्जनों युवाओं से लाखों रुपए ठग लिए। आश्चर्यजनक तो यह है कि उक्त एनजीओ ने ठगी के शिकार युवक को थाना के अंदर ले जाकर थाना दिखाई और पुलिस मित्र का परिचय पत्र थमा दिया। बताया जाता है कि थाना के दारोगा भी उक्त ठग को नहीं भांप पाए और उनके झांसे में आ गए। उन्होंने ने भी उक्त बेरोजगार युवक को नौकरी लेने की सहमति दे दी, नतीजतन युवक आसानी से ठगी के शिकार हो गए। मामला तब खुला जब फर्जी पुलिस मित्र की नियुक्ति लेकर अपना वेतन मांगने लगे। एनजीओ ने इन लोगों को आज,कल कहकर टहलाने लगे। बताते हैं कि करीब 42 युवकों से रूपए की ठगी की गई है।मामला एसपी के संज्ञान में आते ही खोजबीन शुरू कर दी गई। इस संबंध में एक पीड़ित युवक ने कोटवा थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई है। एसपी ने एक प्रशिक्षु आईपीएस के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी में लगा दिया है। एसपी ने कहा है कि इस फर्जीवाड़े में जो भी सम्मिलित होंगे उनपर कड़ी कार्रवाई होगी। बहरहाल, पुलिस एनजीओ की पहचान करने का दावा किया है और कहा है कि शीघ्र ही दोषी सलाखों के पीछे होंगे।
31
