अशोक, वर्मा मोतिहारी
आर्य विद्यापीठ के छात्र–छात्राओं ने आज कृषि विज्ञान भवन, पिपरा कोठी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों को कृषि से जुड़ी नवीनतम तकनीकों, वैज्ञानिक पद्धतियों तथा आधुनिक खेती के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने छात्रों का स्वागत किया और डॉ. गायत्री कुमारी पहिर को इस शैक्षणिक कार्यक्रम का दायित्व सौंपते हुए पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित किया। वैज्ञानिकों ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कृषि विज्ञान युवाओं के लिए एक उभरता हुआ और व्यापक संभावनाओं वाला क्षेत्र है। इसके दौरान, वैज्ञानिक डॉ. गायत्री कुमारी पहिर ने वर्ग दशम तक के छात्रों को कृषि के महत्व, फसल सुधार तकनीक, मिट्टी परीक्षण, जैविक खेती तथा भविष्य में कृषि विज्ञान के बढ़ते अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उनके मार्गदर्शन से छात्रों को व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ, जिसका लाभ उन्हें भविष्य में अवश्य मिलेगा।
भ्रमण के दौरान विद्यालय के शिक्षकगण मनीला दहल ,आशीष इक्का, आवेज़ा डार ,ऋषभ कुमार, रोनिका रॉय ,नैन रॉय ,अनामिका ,राजेंद्र कौर ,सुरेंद्र प्रसाद , शुभम कुमार आदि भी छात्रों के साथ उपस्थित रहे और पूरे कार्यक्रम में उनका मार्गदर्शन किया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. रंजीत कुमार ने इस शैक्षणिक यात्रा की सराहना करते हुए छात्रों को इस अवसर को भुनाने को कहा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक दौरों से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है और वे वास्तविक अनुभव से सीखने योग्य बनते हैं।
डॉ गायत्री ने बच्चों को मशरूम ,केला ,अमरूद के साथ उन्नत बीज के किस्मों को दिखाया और वृहत तौर पर इसके इस्तेमाल को बताया। उन्होंने एग्रीकल्चर के कोर्सेस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने वैज्ञानिकों से बातचीत कर अपनी जिज्ञासाएँ शांत कीं तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को रुचि के साथ समझा। पूरे भ्रमण ने छात्रों के ज्ञान में महत्वपूर्ण वृद्धि की और उन्हें कृषि विज्ञान के प्रति और अधिक प्रेरित किया।साथ ही ग्रुप फोटोग्राफी के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
23