अशोक वर्मा
मोतिहारी : जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष ई० शशिभूषण राय उर्फ गप्पू राय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा की देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) पर जूता फेंकने की घटना न केवल एक व्यक्ति पर हमला है, बल्कि यह भारतीय संविधान, न्यायपालिका और लोकतंत्र की गरिमा पर सीधा प्रहार है। “न्यायपालिका देश का अंतिम सहारा है। यदि न्याय के मंदिर पर इस तरह का हमला होता है, तो यह देश की आत्मा को चोट पहुँचाने जैसा है। यह घटना निंदनीय, शर्मनाक और लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।”
गप्पू राय ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कृत्य की कड़ी निंदा करती है और यह स्पष्ट करती है कि ऐसे असंवेदनशील, असंवैधानिक और असंयमित कृत्य लोकतंत्र को कमजोर करते हैं। इस कुकृत्य घटना के विरुद्ध में जिला कांग्रेस कमिटी ने निंदा प्रस्ताव पारित किया।
“आज जो लोग संविधान पर हमला कर रहे हैं, वे असल में महात्मा गांधी और बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के सपनों के भारत पर प्रहार कर रहे हैं। संविधान हमें समानता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी देता है — और इन मूल्यों की रक्षा हर नागरिक का कर्तव्य है।”
“देश में जिस प्रकार असहिष्णुता और नफरत का माहौल तैयार किया जा रहा है, उसका असर समाज से लेकर संवैधानिक संस्थाओं तक दिखाई देने लगा है। न्यायपालिका की गरिमा की रक्षा करना सिर्फ अदालतों का नहीं, बल्कि पूरे देश का दायित्व है।”
गप्पु राय ने अपील किया कि
“सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होना चाहिए। भारत का लोकतंत्र किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की आस्था का प्रतीक है — और उसकी गरिमा पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
44