खबर बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की है जहां जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पंचायत के मुशाचक गांव में एक दुर्लभ और चमत्कारी प्रसव ने सबको चौंका दिया है। यहां की रहने वाली शमसा खातून ने एक ऐसी बच्ची को जन्म दिया है, जिसके दो सिर, चार हाथ और दो पैर हैं। चिकित्सा विज्ञान में इसे एक दुर्लभ जैविक घटना माना जाता है।
परिजनों के अनुसार शमसा खातून को जब प्रसव पीड़ा हुई, तब उन्हें एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया। प्रारंभ में डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी, लेकिन परिवार के आग्रह और एएनएम की कोशिशों से सफलतापूर्वक नॉर्मल डिलीवरी कराई गई। डिलीवरी के बाद जब बच्ची का स्वरूप सामने आया, तो डॉक्टर और परिजन दोनों चौंक गए।
डॉक्टरों के अनुसार यह मामला कंजॉइंड ट्विन्स का है। यह एक दुर्लभ स्थिति है, जिसमें एक ही भ्रूण का विभाजन पूरी तरह नहीं हो पाता, जिससे शरीर जुड़ा रह जाता है। इस बच्ची के मामले में दो सिर, चार हाथ और दो पैर एक ही धड़ में जुड़े हुए हैं।
बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि आगे चलकर विशेष चिकित्सा सहायता की आवश्यकता हो सकती है। बच्ची को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है।
237
