बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद अगर सड़क हादसे के बाद शराब की बोतलें लूटने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़े, तो यह शराबबंदी कानून पर गंभीर सवाल खड़े करता है। समस्तीपुर के दलसिंहसराय इलाके से सामने आया एक ऐसा ही मामला इन दिनों चर्चा में है। यहां शराब से भरी एक कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और कार में रखी शराब की बोतलें निकालकर ले जाने लगे।
घटना रविवार को नेशनल हाईवे-28 पर पगड़ा चौक के पास की बताई जा रही है। बारिश के दौरान शराब लदी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद कार में मौजूद लोग मौके से निकल गए। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों को कार के अंदर शराब होने की जानकारी मिली तो वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी।
इसके बाद देखते ही देखते दुर्घटनाग्रस्त कार से शराब निकालने की होड़ मच गई। सामने आए वीडियो में कई लोग कार के पास पहुंचकर फ्रूटी पैक में रखी शराब की बोतलें निकालते दिखाई दे रहे हैं। कोई हाथों में बोतलें लेकर भाग रहा है तो कुछ लोग गमछे में बोतलें भरते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान करीब 25 से 30 लोग मौके पर मौजूद थे।
बारिश के कारण घटनास्थल पर काफी कीचड़ था। शराब ले जाने की जल्दबाजी में कुछ लोग फिसलकर गिरते भी दिखाई दिए, लेकिन इसके बावजूद लोग दोबारा उठकर कार तक पहुंचते रहे।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, कार बरौनी की तरफ से आ रही थी। हादसे के बाद जब आसपास के लोगों को कार में शराब होने की जानकारी मिली, तो भीड़ बढ़ती चली गई। बताया जा रहा है कि लोगों ने कार में रखे शराब के कई कार्टन निकाल लिए।
वही मामले की सूचना मिलने के बाद दलसिंहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बड़ी संख्या में लोग शराब लेकर वहां से जा चुके थे। पुलिस को घटनास्थल से कुछ शराब की बोतलें मिली हैं। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वाहन में कुल कितनी शराब थी और इसकी खेप कहां से लाई जा रही थी।
दलसिंहसराय के अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार के मुताबिक, पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी। वहां शराब लूटे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने आसपास के लोगों से शराब वापस करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि छापेमारी में यदि किसी के पास से शराब बरामद होती है तो उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। वीडियो के आधार पर शराब ले जाने वाले लोगों की पहचान की कोशिश की जा सकती है।
हादसे के बाद शराब की बोतलों के लिए लोगों की भीड़ और उन्हें लेकर भागते लोगों का वीडियो अब शराबबंदी की जमीनी हकीकत को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ रहा है। सवाल यह है कि जब राज्य में शराब की बिक्री और सेवन पर रोक है, तो इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खेप सड़क तक कैसे पहुंची और हादसे के बाद उसे लूटने के लिए इतनी बड़ी संख्या में लोग मौके पर कैसे जुट गए?
23