मझौलिया। प्रखंड अंतर्गत बिहार सरकार के निर्देश पर प्रखंड क्षेत्र की पांच पंचायतों में दूसरे सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। महोदीपुर, धोकराहा, चनायनबांध, महना गनी और रतनमाला पंचायत के पंचायत भवनों में शिविर लगाकर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। शिविर में ग्रामीणों से विभिन्न योजनाओं एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए।
शिविर का निरीक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन एवं भूमि अपर समाहर्ता शिवम कुमार ने किया। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का जायजा लेते हुए कर्मियों से प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की जानकारी ली। प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि शिविर में प्राप्त करीब 99.6 प्रतिशत आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराना है।हालांकि, दूसरे सहयोग शिविर में नागरिकों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
शिविर के सफल आयोजन में महोदीपुर पंचायत की मुखिया आशा देवी, चनायनबांध पंचायत की मुखिया गिरजा देवी के पति शिवशंकर यादव, धोकराहा पंचायत के मुखिया आशीष भट्ट, रतनमाला पंचायत की मुखिया निर्मला तिवारी तथा महना गनी पंचायत के मुखिया अजय राय सहित पंचायत सचिव गौतम कुमार एवं सभी पंचायत कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही। अधिकारियों ने शिविर में कर्मियों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की।
14