नरेंद्र झा।
शिवहर/मोतिहारी : सदर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर खरौना निवासी बिंदेश्वरी राय के घर गत 29 जनवरी को हुई डकैती की घटना का शिवहर पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस डकैती की घटना को 5–6 अज्ञात अपराधियों द्वारा अंजाम दिया गया था। पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने मंगलवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि घटना में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था. एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से प्राप्त भौतिक साक्ष्यों, गहन अनुसंधान एवं गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के कस्तुरिया गांव निवासी आलमगीर उर्फ माइकल एवं नास आलम के रूप में हुई है। इनके पास से चार साड़ियां, नकद 4600, लूटा गया मोबाइल फोन तथा लूटी गई चाबियों का गुच्छा बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध तरियानी थाना एवं पिपराही थाना में पूर्व से भी कांड दर्ज हैं। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार, शिवहर थाना अध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह, अंचल निरीक्षक मंजर आलम, डीआईओ प्रभारी नरेन्द्र कुमार,तरियानी थाना अध्यक्ष विनय प्रसाद, फतेहपुर थाना अध्यक्ष राधेश्याम कुमार सहित सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे।
15