रामगढ़ में दिखी स्वच्छता की मिसाल: अधिकारियों ने खुद उठाई झाड़ू, सड़क पर उतरकर दिया साफ-सफाई का संदेश

Live News 24x7
3 Min Read

रामगढ़/कैमूर। कैमूर जिले के रामगढ़ में शनिवार को ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि अधिकारी केवल निगरानी करते नजर नहीं आए, बल्कि खुद हाथों में झाड़ू लेकर सड़क और सार्वजनिक परिसर की सफाई करते दिखे।

अभियान की शुरुआत रामगढ़ के गोड़सरा पोखरा परिसर से हुई। यहां मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी, पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह, नगर पंचायत रामगढ़ के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल कुमार सहित अन्य अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने सफाई अभियान में भाग लिया। एसडीएम ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। बारिश के बीच भी अभियान में शामिल लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।

गोड़सरा पोखरा परिसर की सफाई के बाद अभियान की टीम रामगढ़ दुर्गा चौक की ओर बढ़ी। यहां सड़क और आसपास के क्षेत्रों में जमा कचरे को हटाया गया। सफाई के दौरान कचरा एकत्र करने के लिए ठेला भी लगाया गया और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया गया।

इस दौरान एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने लोगों से अपने शहर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने की अपील की। उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ जीवन से जोड़ते हुए लोगों से इसे केवल अभियान तक सीमित नहीं रखने का संदेश दिया।

वहीं नगर पंचायत रामगढ़ के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल कुमार ने भी लोगों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।

अभियान में वन विभाग के रेंजर कुंदन कुमार समेत पुलिस एवं अन्य विभागों के कर्मी भी मौजूद रहे। अधिकारियों और आम लोगों को एक साथ सड़क पर झाड़ू लगाते देखकर आसपास के लोगों में भी स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश गया।

रामगढ़ में चला यह अभियान सिर्फ सफाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों को यह संदेश भी दे गया कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल सफाई कर्मियों की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है।

30
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *