रामगढ़ ,कैमूर: “सेवा ही संकल्प अभियान” के तहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, महुआरी में “मेरे सपनों का भारत” विषय पर चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपने चित्रों के माध्यम से भारत के भविष्य और विकसित राष्ट्र की अपनी कल्पनाओं को कागज पर उकेरा।
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना के राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवाभावना, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की सोच विकसित करना है। प्रतियोगिता में बच्चों ने विभिन्न रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत को प्रदर्शित किया। किसी चित्र में स्वच्छ और सुंदर भारत की कल्पना नजर आई तो किसी में शिक्षा, विकास, पर्यावरण संरक्षण और मजबूत राष्ट्र का संदेश दिखाई दिया।
विद्यालय के वरीय शिक्षक कमलेश शर्मा ने कहा कि “सेवा ही संकल्प अभियान” के अंतर्गत प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों एवं विकसित भारत की संकल्पना को केंद्र में रखकर चित्रांकन और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। विद्यालय से लेकर संकुल, प्रखंड और जिला स्तर तक इन प्रतियोगिताओं के समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी आयोजन के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है।
शिक्षिका रीटा सिंह के मार्गदर्शन में प्रतिमा, अंतिमा, प्रियांशु, संजना, शिया, श्वेता कुमारी, अभिनी कुमारी, प्रियांजल सहित कई छात्र-छात्राओं ने चित्रांकन प्रतियोगिता में भाग लिया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सेवा, सामाजिक सहयोग और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी के महत्व की जानकारी दी। प्रतियोगिता ने बच्चों को अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता दिखाने का अवसर भी प्रदान किया।
इस अवसर पर शिक्षिका रीटा सिंह, शीला सिंह, वरीय शिक्षक कमलेश शर्मा, शिक्षक अजय सिंह, आशुतोष कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ समाज और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
15