मिशन परिवार विकास के तहत जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा का शुभारंभ

Live News 24x7
3 Min Read
सीतामढ़ी। मिशन परिवार विकास के अंतर्गत आयोजित “जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा” का शुभारंभ मंगलवार को मॉडल अस्पताल, सीतामढ़ी में जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया एवं सिविल सर्जन डॉ. आर. के. यादव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता बढ़ाने तथा योग्य दंपतियों को उनकी आवश्यकता एवं पसंद के अनुरूप परिवार नियोजन के साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने कहा कि परिवार नियोजन समाज के समग्र विकास का एक महत्वपूर्ण आधार है। सीमित एवं स्वस्थ परिवार से बच्चों के बेहतर पोषण, समुचित स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन को केवल जनसंख्या नियंत्रण के दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार के बेहतर जीवन स्तर और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य से जोड़कर देखने की आवश्यकता है।
सिविल सर्जन सीतामढ़ी डॉ. आर. के. यादव ने बताया कि जिले का वर्तमान कुल प्रजनन दर  2.9 है, जिसे घटाकर 2.0 के स्तर तक लाने की आवश्यकता है। इसके लिए समुदाय में परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की उपलब्धता, उपयोगिता और प्रभावशीलता के संबंध में व्यापक जागरूकता पैदा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन के स्थायी साधनों, जैसे पुरुष नसबंदी एवं महिला बंध्याकरण, के साथ-साथ अस्थायी साधनों- अंतरा, छाया, माला-एन, कंडोम आदि के बारे में भी योग्य दंपतियों को सही जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त साधन का चयन कर सकें।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपील की कि परिवार नियोजन सेवाओं को समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी एवं अन्य फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं के माध्यम से नियमित रूप से काउंसलिंग एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं। साथ ही, परिवार नियोजन सेवाओं के संबंध में लोगों की भ्रांतियों को दूर करते हुए उन्हें सुरक्षित एवं वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
कार्यक्रम के दौरान परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी गई तथा समुदाय में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं की भूमिका पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह , अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. मनोज कुमार, अस्पताल प्रबंधक विजय झा, पीरामल फाउंडेशन से प्रभाकर कुमार, अकरम खान, बिकेश कुमार, PSI India से विनय कुमार सहित मॉडल अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
13
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *