सदर अस्पताल में पांच ऑपरेशन थिएटर ऑपरेशनलाइज करने की तैयारी पूरी

Live News 24x7
4 Min Read
  • 15 सितंबर तक पूरे किए गए जरूरी कार्य, मरीजों को जल्द मिलेंगी बेहतर सर्जिकल सुविधाएं
  • एक्स-रे सेवा ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं व दिव्यांगों के लिए दो नए रजिस्ट्रेशन काउंटर
  • आरकेएस की बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं और समस्याओं पर हुई विस्तृत समीक्षा
सीतामढ़ी। जिला पदाधिकारी तनय सुलतानिया ने मंगलवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण कर 25 अगस्त को दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। निर्धारित समय-सीमा के भीतर किए गए कार्यों को पूरा होते देख उन्होंने संतोष व्यक्त किया और शेष प्रक्रियाओं को भी शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
डीएम के निर्देश के अनुसार सदर अस्पताल में इमरजेंसी ओटी, आई ओटी, मैटरनल ओटी, आर्थोपेडिक ओटी एवं जनरल ओटी सहित कुल पांच ऑपरेशन थिएटरों को व्यवस्थित एवं ऑपरेशनलाइज करने की दिशा में आवश्यक कार्य निर्धारित अवधि में पूरा कर लिया गया है। डीएम ने निर्देश दिया कि शेष जरूरी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर सभी ऑपरेशन थिएटरों की सेवाएं मरीजों के लिए जल्द शुरू की जाएं।
एक्स-रे सेवा ग्राउंड फ्लोर पर, दो नए रजिस्ट्रेशन काउंटर:
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक्स-रे सेवा को प्रथम तल से ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट कर दिया गया है।  ओपीडी में बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए डीएम ने दो अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन काउंटर तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया। इनमें बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को प्राथमिकता के आधार पर सुविधा देने पर जोर दिया गया।
अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा के दौरान भवनों के रंग-रोगन, छोटे-मोटे मरम्मति कार्य, टूटे स्लैब की मरम्मति, नए आरओ, सीसीटीवी, इंटरकॉम एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
सफाई व्यवस्था में सुधार पर संतोष, भीड़ प्रबंधन मजबूत करने पर जोर:
सफाई एजेंसी में बदलाव के बाद अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था में आए सुधार पर डीएम ने संतोष जताया और इसे लगातार बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया। रेफरल पॉलिसी के कारण बढ़ी मरीजों की संख्या को देखते हुए भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से पूर्व सैनिकों की सेवाएं लेने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) के शासी निकाय की बैठक की अध्यक्षता भी की। बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध सेवाओं, आधारभूत संरचना एवं प्रमुख समस्याओं पर चर्चा हुई। समिति के सदस्यों से सुझाव लेते हुए डीएम ने चिन्हित समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि समयबद्ध कार्य निष्पादन प्रशासन एवं अस्पताल प्रबंधन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। तैयार सुविधाओं का उपयोग पूरी क्षमता से मरीजों के हित में किया जाए, ताकि सदर अस्पताल आने वाले लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. आर. के. यादव, डीएस डॉ. मनोज कुमार, अस्पताल प्रबंधक विजय झा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, रोगी कल्याण समिति के सदस्य तथा अस्पताल प्रशासन एवं संबंधित पदाधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।
28
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *