- निगम बोर्ड की बैठक में मेले की तैयारियों पर मुहर, सफाई-पेयजल और रोशनी की रहेगी विशेष व्यवस्था; खुले में मांस-मछली बिक्री पर भी सख्ती
गया जी। पितृपक्ष मेला में इस बार गयाजी की तस्वीर बदली-बदली नजर आएगी। तीर्थयात्रियों को धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू कराने के लिए लेजर लाइट शो और फल्गु नदी में फव्वारों की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही सफाई, पेयजल, रोशनी, सड़क और नाली समेत बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की कार्ययोजना पर नगर निगम बोर्ड ने मुहर लगाई है। मंगलवार को निगम सभागार में मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान की अध्यक्षता में हुई बैठक में पितृपक्ष की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई है।इस बार पितृपक्ष के दौरान गयाजी को अलग अंदाज में पेश करने की योजना सामने आई। तीर्थयात्रियों को शहर की धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराने के लिए लेजर लाइट शो और फल्गु नदी में फव्वारे लगाने की तैयारी है। इसके जरिए गयाजी के महत्व और इसकी धार्मिक पहचान को आकर्षक तरीके से दिखाया जाएगा।
मेयर वीरेंद्र कुमार ने कहा कि पितृपक्ष मेला गयाजी की पहचान से जुड़ा है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम की प्राथमिकता है कि उन्हें बेहतर और साफ-सुथरा वातावरण मिले।
मेयर ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को गयाजी का बेहतर और आकर्षक स्वरूप दिखाना निगम की प्राथमिकता है। लेजर शो और फल्गु में फव्वारों के माध्यम से शहर के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा।
पितृपक्ष के दौरान उमस और गर्मी को देखते हुए मेला क्षेत्र में प्याऊ लगाए जाएंगे।
श्रद्धालुओं के लिए मिलेगा शीतल पेयजल
श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था रहेगी। निगम का फोकस इस बात पर है कि पिंडदान और तर्पण के लिए आने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।
कचरा ढुलाई पर भी सख्ती
मेले में सफाई व्यवस्था को लेकर निगम विशेष तैयारी कर रहा है। कचरे की ढुलाई पूरी तरह ढककर की जाएगी, ताकि सड़कों पर गंदगी और दुर्गंध की समस्या न हो। कचरे पर इत्र का छिड़काव भी कराया जाएगा। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल वाले प्याऊ लगाए जाएंगे।
खुले में मांस-मछली बिक्री पर रोक की तैयारी
इस बैठक में खुले में मांस-मछली की बिक्री का मुद्दा भी उठा है। नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार के प्रस्ताव पर सदस्यों ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि बिक्री की स्थिति में दुकानों पर पर्दा लगाना अनिवार्य किया जाए। अवैध दुकानों को बंद कराने की कार्रवाई की मांग भी की गई है।
ऑटो स्टैंड की वसूली पर सदस्यों की नाराजगी
पितृपक्ष के दौरान करीब 15 दिनों तक ऑटो स्टैंड की वसूली रोकने के प्रस्ताव पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। सदस्यों ने कहा कि ऑटो स्टैंड निगम की आय का महत्वपूर्ण स्रोत है। जिला प्रशासन द्वारा बस पड़ाव की वसूली बंद करने की स्थिति में ही इस पर विचार किया जाए।
इस बैठक में स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार की वित्तीय शक्तियां समाप्त किए जाने की जानकारी भी दी गई। नगर आयुक्त ने बताया कि जल्द ही उनके विरुद्ध परिपत्र ‘क’ गठित किया जाएगा।
इस बैठक में डिप्टी मेयर चिंता देवी, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार, सशक्त स्थायी समिति सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, दीपक कुमार चंद्रवंशी, डिम्पल कुमार, राजेश कुमार यादव उर्फ लाल बाबू, हसनैन अली, अंजली कुमारी, जयप्रकाश सिंह यादव समेत कई पार्षद और निगम पदाधिकारी मौजूद रहे हैं।।
इस बैठक में डिप्टी मेयर चिंता देवी, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार, सशक्त स्थायी समिति सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव सहित, पार्षद व निगम पदाधिकारी मौजूद रहे।
12