कैमूर में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, 66 किलो से अधिक गांजा बरामद; दो महिलाओं समेत 8 लोग हिरासत में

Live News 24x7
2 Min Read

कैमूर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। दुर्गावती थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर धनेक्षा पेट्रोल पंप के समीप छापेमारी के दौरान पुलिस ने 66 किलो 330 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो महिलाओं समेत चार वयस्क आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में गांजा तस्करी से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे गुप्त सूचना मिली थी कि धनेक्षा पेट्रोल पंप के पास दो संदिग्ध वाहन खड़े हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक मारुति XL6 कार से गांजे की भारी खेप बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 66 किलो 330 ग्राम बताया गया है।

वहीं, दूसरी मारुति स्विफ्ट डिजायर कार के तस्करी में लाइनर की भूमिका निभाने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, एक वाहन में गांजे की खेप ले जाई जा रही थी, जबकि दूसरा वाहन रास्ते की निगरानी और लोकेशन की जानकारी देने में सहयोग कर रहा था। हालांकि, इस भूमिका से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।

कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रहने वाले चार वयस्क आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इनके साथ चार नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने मौके से दोनों चारपहिया वाहन और आठ स्मार्टफोन भी जब्त किए हैं।

अब पुलिस जब्त मोबाइल फोन और वाहनों के आधार पर गांजे की सप्लाई, तस्करी के नेटवर्क और खेप के गंतव्य का पता लगाने में जुटी है। इस मामले में दुर्गावती थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

22
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *