बिहार में पेड़ से लटका मिला किशोर-किशोरी का शव, हत्या आ आत्महत्या पुलिस जांच में जुटी

Live News 24x7
2 Min Read

खबर बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले की है जहां जिले के सिकटा थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में शनिवार की अहले सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के एक बगीचे में पेड़ से लटका किशोर और किशोरी का शव बरामद हुआ। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सिकटा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान सिरसिया गांव निवासी शेख बुनाद के 15 वर्षीय पुत्र सैदुल्लाह आलम तथा इजहार अंसारी की 14 वर्षीय पुत्री सहबुन नेशा के रूप में की गई है।

परिजनों के अनुसार शुक्रवार की रात दोनों अपने-अपने घरों में खाना खाकर सो गए थे। शनिवार की सुबह जब परिवार के लोग सेहरी के लिए जागे तो दोनों घर से गायब थे। इसके बाद परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव के बगीचे में पेड़ से दोनों का शव लटका देखा और इसकी जानकारी परिजनों को दी।

घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देख रहे हैं, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मामले को लेकर एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि बगीचे में पेड़ से लटका युवक और युवती का शव बरामद किया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या फिर हत्या का मामला।

14
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *