बिहार से राज्यसभा की पांच सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए नामांकन की आज लास्ट डेट है।
JDU की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे। ये जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया X पर दी। नीतीश करीब डेढ़ बजे नॉमिनेशन के लिए विधानसभा पहुंचेंगे। JDU के रामनाथ ठाकुर भी आज नॉमिनेशन करेंगे।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन पार्टी दफ्तर से नॉमिनेशन के लिए विधानसभा निकल चुके हैं। वे पैदल ही विधानसभा जा रहे हैं।
उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत कई बड़े नेता मौजूद हैं। नामांकन से पहले नितिन नवीन ने पटना के महावीर मंदिर में पूजा की। पूजा करने के बाद उन्होंने कहा, ‘आज से हमारी अलग और नई शुरुआत है।’
इधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज पटना पहुंच रहे हैं। वे नितिन नवीन के नॉमिनेशन में शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक, शाह सीएम नीतीश के नॉमिनेशन में भी शामिल हो सकते हैं।
NDA की ओर से सभी पांच सीटों पर उम्मीदवार उतार दिए गए हैं। NDA गठबंधन में दो-दो सीटें जेडीयू और बीजेपी के खाते में हैं, जबकि एक सीट RLM को मिली है।
दरअसल, नीतीश कुमार ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से राज्यसभा जाने की घोषणा की है. इसमें उन्होंने यह भी बताया है कि वे पहले ही विधानसभा, विधान परिषद और लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं. लेकिन उनकी इच्छा थी कि वे उच्च सदन के सदस्य बनें यानी राज्यसभा सदस्य बनें. अब उनका यह सपना पूरा हो रहा है. उन्होंने इसे लेकर एक पोस्ट लिखा है.
उन्होंने लिखा है – ‘पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।’
वे आगे लिखते हैं कि ‘संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।’
44
