खबर बिहार के जमुई जिले की है जहां पुलिस द्वारा किन्नरों के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि 2 पुलिस वाले किन्नरों से छेड़खानी कर रहे थे। उनके घर में घुस रहे थे। वहीं, दोनों आरोपी पुलिस वालों का कहना है कि वे रास्ता भूल गए थे, इस वजह से उनके घर के पास चले गए। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना झाझा थाना क्षेत्र के चितोचक के सुंदरनगर इलाके की है।
वही इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक पुलिस जवान कुएं में गिरा दिखाई दे रहा है। उसको लोगों ने गमछे के जरिए कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद वह पुलिसकर्मी मौके पर से भागना शुरू किया। जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़ा।
वहीं, एक और पुलिसकर्मी को भीड़ ने पकड़ लिया। दोनों को लोग किन्नर के पास लेकर पहुंचे। इस दौरान घटनास्थल पर किन्नरों का जमावड़ा लग गया। किन्नरों ने दोनों जवान की पिटाई भी की।
एक पुलिसकर्मी का नाम उमेश कुमार यादव और एक सिपाही पिंटू कुमार है। दोनों झाझा थाने के डायल 112 में तैनात हैं। पुलिस सूत्रों की माने तो दोनों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
किन्नरों ने आरोप लगाया है कि 4 दिन से ये 2 पुलिस जवान सिविल ड्रेस में हमारे घर आते हैं। हमें पैसे का लालच देकर साथ सोने के लिए कहते हैं। हम लोग लगातार 3 दिन से इन्हें वापस भेज रहे थे, लेकिन उनका कहना था कि हम पुलिस हैं। हमसे डरो।
वहीं, मंगलवार रात भी दोनों आए और घर में जबरदस्ती घुसने लगे। इसका जब हमने विरोध किया तो वो जबरदस्ती करने लगे। हमारे विरोध पर वे मौके से भागने लगे। अपने आप को बचाने के लिए एक पुलिसकर्मी ने कुएं में छलांग लगा दी। इसके बाद उसे कुएं से बाहर निकालकर बंधक बना लिया।
वीडियो में ये भी दिख रहा है कि किन्नरों की चंगुल से बचने के लिए पुलिस जवान हाथ जोड़कर माफी भी मांग रहे हैं। इसके बाद किन्नर समाज ने पुलिस की हरकतों की जानकारी डायल 112 नंबर की पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को छुड़ाकर थाना ले गई। वहीं, किन्नरों ने इस मामले की जानकारी झाझा थाना पुलिस को लिखित देने की बात कही है।
एक किन्नर ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मी 4 दिन से घर के पास आकर मंडरा रहे थे। आते-जाते देखते रहते थे। किराए पर मकान मांग रहे थे। उन लोगों ने पूछा रेंट क्या है और पैसा देकर गलत काम करना चाहता था। इसके कारण उन लोगों से हाथापाई भी हुई।
वहीं, दूसरी किन्नर ने तो शराबबंदी पर ही सवाल उठा दिया है। उन्होंने कहा कि आम लोगों के लिए शराब बंद है। लेकिन पुलिस के लिए नहीं। रात में शराब पीकर आए और हमलोगों के साथ गलत करने की कोशिश की। किन्नरों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोनों पुलिस जवान को कड़ी से कड़ी सजा मिले।
वहीं, मामले में झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। इस मामले में आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस अपने स्तर से अनुसंधान कर रही है। वहीं, पुलिस सूत्रों की माने तो दोनों पुलिस के जवान पर विभागीय कार्रवाई की गई है।
