कैमूर -(मोहनिया): शराब तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग की आंखों में धूल झोंकने के लिए नया तरीका अपनाया, लेकिन मोहनिया समेकित जांच चौकी पर उनकी चालाकी धरी की धरी रह गई। घरेलू सामान की आड़ में मैजिक पिकअप वाहन से ले जाई जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई। कार्रवाई में 111 पेटी यानी 999 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 12 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। इस मामले में दिल्ली निवासी वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया है।
कैमूर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर मद्य निषेध विभाग द्वारा जिले के विभिन्न इलाकों और जांच चौकियों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत समेकित जांच चौकी, मोहनिया में वाहनों की जांच के दौरान एक मैजिक पिकअप संदिग्ध पाया गया। जब वाहन की तलाशी ली गई, तो घरेलू सामान के बीच छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की 111 पेटियां बरामद हुईं। शराब की कुल मात्रा 999 लीटर बताई गई है।
मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार मौर्य, पिता श्याम लाल, निवासी लाजपत नगर, जिला दक्षिणी दिल्ली के रूप में हुई है। मद्य निषेध विभाग ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि शराब के अवैध निर्माण, बिक्री और परिवहन की सूचना प्रशासन या मद्य निषेध विभाग को दें।
22