कैमूर -(भभुआ): सड़क पर कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं! भभुआ और मोहनिया में प्रशासन का सख्त एक्शन, अतिक्रमण हटाओ अभियान से मचा हड़कंप। शहर की प्रमुख सड़कों को जाममुक्त और आम लोगों के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निकायों ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दो दिनों की कार्रवाई में कुल 36 हजार 300 रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से रखे गए सामान भी जब्त किए गए।
एंकर – कैमूर जिले के भभुआ और मोहनिया शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर प्रशासन लगातार एक्शन मोड में है। सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा कर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ नगर परिषद भभुआ और नगर पंचायत मोहनिया द्वारा सघन अभियान चलाया गया।
भभुआ नगर में 25 नवंबर को एकता चौक, सब्जी मंडी सहित शहर के प्रमुख इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, थाना प्रभारी, नगर परिषद की टीम और पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई में सड़क पर अस्थायी अतिक्रमण करने वाले ठेला चालकों एवं दुकानदारों को हटने का निर्देश दिया गया।
नियमों का उल्लंघन करने वाले 24 लोगों से 15 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर रखे 6 वेट मशीन और 4 साइन बोर्ड जब्त किए गए। भभुआ में आज और कल की कार्रवाई में कुल 27 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
इधर मोहनिया में भभुआ रोड, सासाराम रोड और दुर्गावती रोड सहित प्रमुख मार्गों पर अभियान चलाकर 7 हजार 700 रुपये जुर्माना वसूला गया। मुंडेश्वरी गेट के पूर्वी द्वार को बाइक, ई-रिक्शा और छोटे वाहनों के आवागमन के लिए अतिक्रमणमुक्त कराया गया।
दोनों नगर निकायों ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने दुकानदारों और ठेला चालकों से निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करने की अपील की है, ताकि कैमूर के शहरों को जाममुक्त, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।
26