बिहार के कैमूर में शनिवार को बड़ी संख्या में महिलाएं खाता खुलवाने सीएसपी सेंटर पहुंच गईं। जब उनसे इसका कारण पूछा गया तो महिलाओं ने कहा कि उन्हें बताया गया कि अकाउंट में एक लाख रुपए दिए जा रहे हैं, इसलिए हम लोग भी अकाउंट खुलवाने पहुंचे हैं।
दरअसल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव के दौरान सभाओं में कहा था कि भाजपा वाले 22 अरबपति बना रहे हैं। हम करोड़ों लखपति बनाएंगे। हर परिवार से एक महिला चुनी जाएगी। उन करोड़ों महिलाओं के खाते में एक लाख रुपए भेजे जाएंगे। यानी महीने 8,500 रुपया खाते में खटाखट-खटाखट जाएगा।
आपको बता दे कि मोहनिया प्रखंड स्थित बैंक के सीएसपी सेंटर पर खाता खुलवाने कई महिलाएं एक साथ पहुंच गईं। महिलाओं की भारी भीड़ को देख पुलिस पहुंची। पुलिस ने महिलाओं को बड़ी मुश्किल से समझा कर घर भेजा। इस दौरान कई महिलाएं जाने से साफ मना कर रही थी।
पैसे मिलने की चाहत लिए रामगढ़ से आई रामनानी देवी ने कहा कि वह खाता खुलवाने आई हैं। दूसरी महिलाओं ने उन्हें बताया कि अकाउंट में एक लाख रुपया मिलेगा, इसलिए हम आए हैं। सरकार सभी को पैसे दे रही है।
वही इस मामले में मोहनिया बीडीओ संजय दास ने कहा कि किसी ने अफवाह फैला दी है कि खाता खुलवाने पर उसमें एक लाख रुपए मिलेंगे। इसके बाद जिले भर से महिलाएं यहां आ रही थी। इनको समझा दिया गया है कि ऐसी कोई बात नहीं है। इस भीषण गर्मी में परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। अफवाह के कारण कोई सीएसपी ना पहुंचे।
वही पार्षद प्रतिनिधि मोहनिया रविकांत ने कहा कि आज जब यहां से गुजर रहे थे तो देखा कि महिलाओं की भीड़ ज्यादा है। पहले लगा किसी समूह कि महिलाएं हैं, काम से आई हैं, लेकिन फिर पता लगा कि एक लाख रुपए मिलने की अफवाह पर सभी सीएसपी पहुंची है। इसके बाद प्रशासन को बताया गया तो सभी को समझाकर घर भेजा गया। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव में बोला था आज किसी ने अफवाह फैला दी और महिलाएं परेशान होने लगीं।
आपको बता दे कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली में 3 अप्रैल को महालक्ष्मी योजना लागू करने की बात कही थी। वादा किया था कि इस योजना में गरीबी रेखा से नीचे से संबंधित परिवारों की मुखिया महिला के खाते में सीधे 8,500 रुपए प्रति माह जमा किए जाएंगे। यह योजना कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार की गृह लक्ष्मी गारंटी योजना के समान है, जिसमें गरीब परिवारों की महिलाओं को 2,000 रुपए का भुगतान किया जाता है।
