-आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर करेंगी छूटे हुए लाभार्थियों की पहचान, परदेस से लौटे लोगों पर विशेष फोकस
-स्कूलों में छात्र और गांवों में जीविका दीदियां फैला रहीं जागरूकता, पीरामल फाउंडेशन दे रहा सहयोग
-हाथीपांव मरीजों को मिलेगा दिव्यांगता प्रमाण पत्र और एमएमडीपी किट, देखभाल के तरीके भी सिखाए जा रहे
शिवहर। लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर जिले में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर एक विशेष पहल की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगामी सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) कार्यक्रम के तहत उन लाभार्थियों को लक्षित कर विशेष दवा सेवन शिविर आयोजित किए जाएंगे, जो पूर्व में किसी कारणवश फाइलेरिया रोधी दवा नहीं ले पाए थे।
घर-घर सर्वे कर तैयार हो रही सूची:
अक्सर देखा जाता है कि रोजगार के सिलसिले में बाहर रहने, गर्भावस्था, अस्वस्थता या अन्य कारणों से कई लोग दवा खाने से वंचित रह जाते हैं। छठ महापर्व के दौरान परदेस में रहने वाले लोग बड़ी संख्या में अपने घर लौटते हैं। स्वास्थ्य विभाग इस अवसर का उपयोग करते हुए आशा कार्यकर्ताओं के जरिए घर-घर सर्वेक्षण करा रहा है, ताकि ऐसे सभी छूटे हुए और पात्र लोगों की सूची तैयार कर उन्हें विशेष शिविरों में दवा पिलाई जा सके।
सामुदायिक स्तर पर चलाया जा रहा जागरूकता अभियान:
अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए पीरामल फाउंडेशन के कार्यक्रम पदाधिकारी (संचारी रोग) नवीन कुमार मिश्रा द्वारा ग्राम सभाओं, जीविका दीदियों और आशा कार्यकर्ताओं को निरंतर जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के बीच भी विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को फाइलेरिया के लक्षण, बचाव व दवा सेवन के महत्व से अवगत कराना है, जिससे वे अपने परिवार और समाज को भी इस बीमारी के प्रति सचेत कर सकें।
मरीजों को सरकारी लाभ और देखभाल की ट्रेनिंग:
दवा वितरण के साथ-साथ फाइलेरिया से ग्रसित मरीजों को राहत पहुंचाने की दिशा में भी काम हो रहा है। लिम्फोडिमा (हाथीपांव) से प्रभावित मरीजों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया समझाई जा रही है। इसके अलावा मरीजों को एमएमडीपी किट का सही उपयोग, नियमित साफ-सफाई और स्वयं देखभाल के तरीके सिखाए जा रहे हैं, ताकि संक्रमण और बीमारी की जटिलता को बढ़ने से रोका जा सके। स्वास्थ्य विभाग और सहयोगी संस्थाओं की इस संयुक्त पहल का लक्ष्य जनभागीदारी को मजबूत कर शिवहर को पूर्णतः फाइलेरिया मुक्त बनाना है।
14