- चित्रगुप्त पूजा महोत्सव में उमड़े कायस्थ समेत सभी समाज के लोग, जिले भर में हुए आयोजन
औरंगाबाद। शहर के कर्मा रोड स्थित चित्रगुप्त सभागार सह लोकनायक जयप्रकाश नारायण सांस्कृतिक भवन में बुधवार को ज्ञान, बुद्धि और लेखनी के आराध्य देव भगवान श्री चित्रगुप्त जी की पूजा-अर्चना पूरे हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ की गई। ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) की औरंगाबाद जिला इकाई की ओर से आयोजित श्री श्री चित्रगुप्त पूजा महोत्सव में बड़ी संख्या में कायस्थ परिवारों के साथ समाज के अन्य वर्गों के लोगों ने भी भाग लिया।
पूजा की शुरुआत सुबह 11 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त के समक्ष अपनी आय-व्यय का वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत कर परिवार की सुख-समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की। धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान चित्रगुप्त के साथ कलम और बही-खाते की भी पूजा की गई।
पूजा के दौरान विधायक एवं भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष त्रिविक्रम नारायण सिंह ने भी चित्रगुप्त सभागार पहुंचकर भगवान चित्रगुप्त की आराधना की। उन्होंने लेखनी, ज्ञान और बुद्धि के देवता के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जीकेसी के अध्यक्ष कमल किशोर ने बताया कि भगवान चित्रगुप्त कायस्थ समाज के साथ ही हर पढ़ने-लिखने वाले व्यक्ति के आराध्य देव हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया यानी यम द्वितीया को भगवान चित्रगुप्त का प्राकट्य हुआ था। उन्हें यमराज का सहायक देव माना जाता है, जो समस्त जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। उनकी पूजा से ज्ञान, बुद्धि, साहस और विवेक की प्राप्ति होती है।
श्री किशोर ने बताया कि महोत्सव को सफल बनाने में जीकेसी के अजय श्रीवास्तव, अजय वर्मा, इंजीनियर बीके श्रीवास्तव, डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, डॉ. शीला वर्मा, श्रीराम अम्बष्ट, महेंद्र प्रसाद, मधुसूदन प्रसाद सिन्हा, राजू रंजन सिन्हा, राजेश सिन्हा, सूर्यकांत, दीपक बलजोरी, सुनील सिन्हा, गणेश प्रसाद उर्फ लालबाबू, अमित कुमार, संजय सिन्हा, अभय सिन्हा सहित समाज के अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दाउदनगर और बिराटपुर में भी हुई पूजा-अर्चना
चित्रगुप्त पूजा का आयोजन जिले के अन्य क्षेत्रों में भी श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। दाउदनगर में चित्रांश एकता संघ की ओर से भव्य पूजा समारोह आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। वहीं औरंगाबाद शहर के बिराटपुर मोहल्ला स्थित चित्रगुप्त मंदिर में अजय कुमार संतोष की अध्यक्षता में पूजा-अर्चना की गई। चित्रगुप्त नगर में स्थापित भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा के समक्ष भी श्रद्धालुओं ने पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस तरह जिलेभर में भगवान चित्रगुप्त की आराधना के साथ ज्ञान, सद्बुद्धि और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।
12 नवंबर को भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा के विसर्जन का कार्यक्रम है।
मान्यताओं के अनुसार, भगवान चित्रगुप्त कलम-दवात की सहायता से समस्त जीवों के कर्मों का विवरण लिखते हैं और उनके जीवन व मृत्यु की अवधि का हिसाब-किताब भी लिखते हैं। चित्रगुप्त पूजा के दिन कलम-दवात और बही-खातों की भी पूजा-अर्चना की जाती है। इस दिन चित्रगुप्त जी की पूजा से साधक को विद्या, बुद्धि, साहस और लेखन का आशीर्वाद मिलता है। इसके साथ ही व्यापार में भी तरक्की के योग बनने लगते हैं और सभी तरह की रुकावट दूर होती हैं।
8