कैमूर -(भभुआ): जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में दुर्गावती थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर हेरोइन जैसे मादक पदार्थ के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 5.61 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बहेरा में रेलवे ट्रैक के पास हेरोइन जैसे मादक पदार्थ की बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए दुर्गावती थाना की पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 5.61 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुराह बिंद, पिता रामदहीन बिंद, निवासी बसंतपुर, थाना दुर्गावती, जिला कैमूर के रूप में की गई है।
इस मामले में दुर्गावती थाना कांड संख्या 517/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने 26 नवंबर 2026 को धारा 8(सी), 21(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
कैमूर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस द्वारा नशे के कारोबार से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
22