शराब छापेमारी से नाराज ग्रामीणों का सड़क पर हंगामा, कथराई मोड़ पर तीन घंटे जाम रहा कुदरा-परसथुआ पथ

Live News 24x7
3 Min Read
कुदरा (कैमूर)। शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। कुदरा थाना क्षेत्र के कथराई मोड़ के समीप गुरुवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने कुदरा-परसथुआ मुख्य पथ को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण इस व्यस्त मार्ग पर करीब तीन घंटे से अधिक समय तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर गांव में छापेमारी के नाम पर निर्दोष लोगों को परेशान करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। सड़क जाम के दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ट्रक, ट्रैक्टर, ऑटो, ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और स्कूल वैन सहित कई छोटे-बड़े वाहन जाम में फंसे रहे। अचानक यातायात ठप होने से राहगीरों, यात्रियों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। जाम के चलते लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा भी शामिल थे। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि शराब छापेमारी के नाम पर पुलिस आए दिन गांव में प्रवेश कर लोगों को बेवजह परेशान कर रही है। ग्रामीणों की मांग थी कि मौके पर वरीय पुलिस पदाधिकारी पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनें और उचित कार्रवाई का आश्वासन दें। इसी मांग को लेकर प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने शराब बरामदगी का दिया हवाला इस मामले में कुदरा थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष राबिया हुस्ना ने गुरुवार सुबह फोन पर पुलिस का पक्ष रखते हुए बताया कि हाल ही में कथराई गांव से अवैध शराब की बरामदगी की गई थी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण वरीय पदाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों की यह भी मांग है कि पुलिस छापेमारी से पहले स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी देकर गांव में आए। फिलहाल, सड़क जाम की सूचना पर स्थानीय पुलिस प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटा रहा। प्रशासन का प्रयास था कि ग्रामीणों की शिकायतों को सुनते हुए जल्द से जल्द जाम समाप्त कराया जाए और कुदरा-परसथुआ मुख्य पथ पर यातायात सामान्य हो सके। 28
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *