कायस्थ समाज की आर्थिक मजबूती के लिए शिक्षा, उद्यमिता और वित्तीय आत्मनिर्भरता जरूरी : निष्का रंजन

Live News 24x7
3 Min Read
पटना : ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) की  ग्लोबल सीएफओ निष्का रंजन ने कहा है कि किसी भी समाज की प्रगति के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता, बेहतर शिक्षा और उद्यमिता को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है।
निष्का रंजन ने कहा कि कायस्थ समाज की प्रतिभा, बौद्धिक क्षमता और समृद्ध विरासत को विकास की नई संभावनाओं से जोड़कर युवाओं एवं महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तैयार करने की जरूरत है।
निष्का रंजन ने कहा कि 20 दिसंबर को नवी मुंबई के खारघर में आयोजित होने वाला विराट कायस्थ सम्मेलन एवं राष्ट्रीय अधिवेशन समाज के भविष्य की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण अवसर होगा। उन्होंने कहा कि जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद और प्रबंध न्यासी रागिनी रंजन के मार्गदर्शन में आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के कायस्थ प्रतिनिधि एकत्रित होकर सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल सामाजिक एकजुटता पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज को आर्थिक रूप से भी सशक्त बनाना होगा। इसके लिए युवाओं को स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ कुटीर एवं लघु उद्योगों को बढ़ावा देना आवश्यक है। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें कौशल प्रशिक्षण, वित्तीय जागरूकता और व्यवसाय के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने महिला सशक्तीकरण को सामाजिक और आर्थिक बदलाव का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि महिलाओं को केवल अवसर देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें निर्णय लेने, नेतृत्व करने और आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी का पूरा अवसर मिलना चाहिए। महिलाएं जब आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं, तो परिवार और समाज दोनों की स्थिति बेहतर होती है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी पर भी जोर देते हुए कहा कि आर्थिक प्रगति ऐसी होनी चाहिए, जिसमें प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के हितों का भी ध्यान रखा जाए। समाज की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक विकास की दिशा में आगे बढ़ना समय की मांग है।
निष्का रंजन ने कहा कि जीकेसी का उद्देश्य देश-विदेश में रहने वाले कायस्थ परिवारों को एक साझा मंच पर लाकर उनकी प्रतिभा, अनुभव और संसाधनों का उपयोग समाज के व्यापक हित में करना है। राजीव रंजन प्रसाद के नेतृत्व में संगठन सामाजिक एकता के साथ शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कायस्थ समाज के लोगों से 20 दिसंबर को नवी मुंबई के खारघर में आयोजित विराट कायस्थ सम्मेलन एवं राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेकर सामाजिक और आर्थिक विकास के सामूहिक संकल्प को मजबूत बनाने की अपील की।
21
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *