गया के विकास के लिए पूर्व मेयर प्रत्याशी नरेश पासवान ने रखीं 21 मांगें

Live News 24x7
2 Min Read
  • सूर्य पोखरा के सौंदर्यीकरण से लेकर स्टील फैक्ट्री, कॉलेज, अस्पताल और रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग; कहा- मांगें पूरी होने से रोजगार बढ़ेगा और पलायन रुकेगा
मानपुर : गया नगर निगम के पूर्व मेयर प्रत्याशी नरेश पासवान ने गया जिला और बिहार के विकास को लेकर केंद्र सरकार के समक्ष 21 सूत्री मांगें रखी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से इन मांगों को पूरा कराने की अपील की है। नरेश पासवान ने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से गया में विकास की रफ्तार तेज होगी और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उनकी प्रमुख मांगों में मानपुर स्थित सूर्य पोखरा और भगवान सूर्य के मंदिर का सौंदर्यीकरण कर आधारशिला प्रधानमंत्री के हाथों रखवाने की मांग शामिल है। इसके अलावा गया में स्टील फैक्ट्री, पांच मंदिरों और पांच मस्जिदों का सौंदर्यीकरण, गांधी मैदान स्टेडियम का विकास तथा मानपुर में महिला और पुरुष कॉलेज खोलने की मांग की गई है।
उन्होंने बागेश्वरी, एफसीआइ बंगाली बिगहा, चाकंद और ओर हॉल्ट रेलवे गुमटियों पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने, शहीद ईश्वर चौधरी हॉल्ट पर शेड निर्माण, मानपुर में मगध मेडिकल अस्पताल और गया नगर निगम में 53 सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है। इसके साथ शेरघाटी को जिला बनाने, फल्गु नदी पर पांच पीपा पुल बनाने तथा गया में उर्दू महिला और पुरुष कॉलेज खोलने की मांग की है।
अन्य मांगों में वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन 400 से बढ़ाकर 1200 रुपये करने, आदिवासी समुदाय को 500 रुपये में रसोई गैस उपलब्ध कराने और बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग शामिल है। नरेश पासवान ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से बेरोजगारी दूर होगी, स्थानीय मजदूरों का पलायन रुकेगा और गया जिले का समग्र विकास होगा।
12
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *