33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को एनक्यूएएस प्रमाणन दिलाने के लिए सीएचओ को मिला प्रशिक्षण

Live News 24x7
3 Min Read
  • साक्षी पोर्टल के जरिए गैप असेसमेंट कर कमियों को दूर करने का बनेगा एक्शन प्लान
  • सिविल सर्जन का निर्देश: प्रमाण-पत्र पाना ही लक्ष्य नहीं, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं
  • जिले के स्वास्थ्य संस्थानों के सीएचओ और एएनएम को दिया गया गुणवत्ता सुधार का तकनीकी प्रशिक्षण
सीतामढ़ी: जिले के 33 चयनित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड एनक्यूएएस के तहत प्रमाणित कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य कर्मियों का दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुआ। इसमें चयनित स्वास्थ्य संस्थानों के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) और एएनएम को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. आर. के. यादव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विजय चंद्र झा, पीरामल फाउंडेशन की वरीय कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रियंका और कार्यक्रम प्रबंधक प्रभाकर कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता: सिविल सर्जन
समारोह को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. आर. के. यादव ने कहा कि सीतामढ़ी जिला स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर सुदृढ़ीकरण की दिशा में अग्रसर है। एनक्यूएएस मानकों के अनुरूप आरोग्य मंदिरों को विकसित करना जिले के लिए एक अहम उपलब्धि साबित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रमाणीकरण का उद्देश्य सिर्फ कागजी प्रमाण-पत्र हासिल करना नहीं, बल्कि ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के नजदीक ही मानकीकृत और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना है।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे जन-स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ फील्ड में काम करें।
‘साक्षी’ पोर्टल से होगी कमियों की पहचान और एक्शन प्लान
प्रशिक्षण सत्र के दौरान तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सिविल सर्जन ने जोर देकर कहा कि प्रत्येक चयनित संस्थान का ‘साक्षी’ पोर्टल के माध्यम से गैप असेसमेंट (संस्थागत कमियों का आकलन) किया जाए। चिन्हित कमियों के आधार पर समयबद्ध एक्शन प्लान तैयार कर उन्हें तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए।
प्रतिभागियों को एनक्यूएएस के विभिन्न मानकों, गुणवत्ता सुधार प्रक्रिया, पोर्टल पर डेटा एवं गैप एंट्री और कमियों के स्थायी निराकरण के तौर-तरीकों से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर डीसीक्यूए, पीरामल फाउंडेशन के प्रभाकर कुमार, रितु कुमारी, प्रोग्राम लीड दुर्गा प्रसाद, बिकेश कुमार, राकेश ठाकुर, गांधी फेलो विक्रांत, रौशन सहित संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों के सीएचओ और एएनएम उपस्थित रहे।
28
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *