मोतिहारी। जिला मुखिया महासंघ, पूर्वी चम्पारण की एक महत्वपूर्ण बैठक वाई.एस. वाटिका होटल, मोतिहारी के सभागार में जिला अध्यक्ष गोपाल राय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न पंचायतों से जुड़े जनप्रतिनिधियों एवं मुखिया की समस्याओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रदेश सचिव मुखिया महासंघ बिहार सह जिला मुखिया महासंघ पूर्वी चम्पारण के प्रतिनिधि राजू बैठा ने पंचायतों से संबंधित कई महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में मुख्य रूप से आवास प्लस 2026 सर्वे सूची के अनुमोदन की तिथि से एक दिन पूर्व तक सूची उपलब्ध नहीं कराए जाने पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। मुखिया महासंघ के सदस्यों ने कहा कि समय पर सूची उपलब्ध नहीं होने से पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा पंचायत सचिवों की पंचायतों में पदस्थापना नहीं होने के कारण पंचायतों के दैनिक कार्य प्रभावित होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पंचायत सचिवों की नियमित एवं स्पष्ट पदस्थापना नहीं होने से आम जनता के कार्यों के निष्पादन में परेशानी हो रही है।
बैठक में कार्यपालक सहायकों के बार-बार तबादले को लेकर भी सदस्यों ने अपनी चिंता व्यक्त की। सदस्यों का कहना था कि लगातार स्थानांतरण से पंचायतों के कार्यों में निरंतरता प्रभावित होती है और आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बैठक में अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय की कमी तथा कथित मनमानी के मामलों पर भी विशेष चर्चा हुई। महासंघ ने कहा कि पंचायतों के सुचारू संचालन के लिए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
बैठक में उपस्थित मुखिया ने प्रशासन से मांग की कि पंचायतों से जुड़ी इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए तथा पंचायतों के कार्यों में अनावश्यक बाधा उत्पन्न न हो, ताकि आम जनता को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।
जिला मुखिया महासंघ, पूर्वी चम्पारण अपने अधिकार, सम्मान एवं सुचारू कार्य संचालन से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर मजबूती से उठाया जाता रहेगा। बैठक मे उपेंद्र पासवन, रामेकबाल राय, सोनालाल साहनी, किशोरी साहनी, रवि सिंह, सुनिल कुमार टाइगर, श्री नारायण प्रसाद, रामजनम पासवान, मुखलाल राम, राजेंद्र बैठा जीतेन्द्र कुमार यादव अखिलेश ठाकुर, हेमंत सिंह विनोद सिंह कुशवाहा, शत्रुधन शाह, दरोगा शाह सुभाष भारती, परवेज आलम गीता देवी, रीता देवी, अजय कुमार सिंह, मोहन साहनी खुशबु देवी होरीलाल साहनी, जीतेन्द्र राम, मैनेजर साहनी शाहजहां खातून, पूनम कुमारी, अशोक सिंह, विनोद सिंह कुशवाहा, सीता देवी मदनमोहन दास पवन कुमार दास, आभा सिन्हा, प्रतिमा देवी, राजू शाह, रमेश कुमार यादव, सुरेंद्र राय, अशोक कुमार सीमा देवी सहित सैंकड़ो मुखिया शामिल हुए.!बैठक के बाद सात सूत्री मांगो का ज्ञापन उप विकास आयुक्त पूर्वी चम्पारण को सौपा गया!
26