सीएसपी संचालक को गोली मार तीन लाख लूटने का आरोपित मोहनिया से गिरफ्तार

Live News 24x7
3 Min Read

मोहनिया। औरंगाबाद जिले के फेसर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप समेत अन्य सामान लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस लूटकांड में शामिल एक आरोपित को कैमूर के मोहनिया से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान औरंगाबाद जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के अकोढ़ी मेला गांव निवासी मदन कुमार के पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से लूट की घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, फेसर थाना क्षेत्र में बढ़ई बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी संचालक प्रदीप कुमार को ओवरटेक कर रोक लिया था। आरोप है कि अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप और अन्य सामान लूट लिया। घटना के बाद घायल सीएसपी संचालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

लूट की वारदात के बाद औरंगाबाद पुलिस ने मामले में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड का एक आरोपित बाइक से मोहनिया पहुंचा है। सूचना मिलते ही औरंगाबाद एसपी के निर्देश पर मोहनिया थाना, कुदरा थाना और डीआईयू की संयुक्त टीम गठित की गई।

संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर मोहनिया के पटना मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध गतिविधि में मौजूद आरोपित को पकड़ लिया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से वह बाइक बरामद की, जिसे पुलिस लूट की घटना से जोड़कर देख रही है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपित को आवश्यक कार्रवाई के लिए औरंगाबाद पुलिस अपने साथ ले गई। अब पुलिस उससे पूछताछ कर लूटकांड में उसकी भूमिका और घटना में शामिल अन्य आरोपितों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने फोन पर बताया कि औरंगाबाद में सीएसपी संचालक को गोली मारकर लूट के मामले में एक आरोपित को पटना मोड़ से पकड़ा गया है। औरंगाबाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद इस मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर भी कार्रवाई जारी है।

15
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *