रामगढ़। कैमूर जिले के रामगढ़ प्रखंड के सहूका गांव में शुक्रवार को माहौल गमगीन हो गया। सेना में कार्यरत गांव निवासी शत्रुघ्न यादव का पार्थिव शव उनके पैतृक गांव सहूका पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। जवान के पार्थिव शरीर को देखते ही परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। पूरे गांव में शोक की लहर है।
पार्थिव शव के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से भी लोग सहूका पहुंचने लगे। अपने गांव के जवान को अंतिम विदाई देने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। गांव में जगह-जगह लोगों की मौजूदगी दिखाई दी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
जवान शत्रुघ्न यादव के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए बक्सर सांसद सुधाकर सिंह, पूर्व विधायक अशोक सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि भी सहूका पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने जवान के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की।
इधर, रामगढ़ थाना अध्यक्ष सुमित कुमार ने जवान के पार्थिव शव को सलामी दी। खबर लेकर जाने तक सलामी की प्रक्रिया जारी थी। वहीं अन्य बटालियन के जवानों के पहुंचने और सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी देने की तैयारी भी चल रही थी।
गांव में मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि शत्रुघ्न यादव सेना में रहकर देश की सेवा कर रहे थे। उनके निधन की खबर से पूरा गांव मर्माहत है। लोग नम आंखों से अपने गांव के जवान को अंतिम विदाई देने के लिए पहुंचे हैं।
पार्थिव शव के गांव पहुंचने के बाद सहूका में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन एवं पुलिस की मौजूदगी बनी रही। अंतिम सलामी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जवान का अंतिम संस्कार किया जाना है।
क्राइम खबर की टीम मौके पर मौजूद है और सहूका से लगातार पल-पल की जानकारी आप तक पहुंचा रही है।
14