15बेेतिया : साइबर ठगी के मामले में दो युवक गिरफ्तार, चार मोबाइल समेत 10 हजार रुपये बरामद
मझौलिया थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जौकटिया थाना क्षेत्र के स्वर्गीय यासीन मियां के पुत्र आरिफ आलम (19) तथा अमजद आलम के पुत्र सहवाज आलम (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों युवक बेतिया-मोतिहारी मुख्य मार्ग स्थित चीनी मिल गेट के समीप भारी मात्रा में म्यूल अकाउंट खरीदकर साइबर ठगी का कार्य कर रहे थे।
पुलिस को 7 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना से वरीय पदाधिकारी को अवगत कराने के बाद उनके निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने चीनी मिल गेट के पास छापेमारी कर दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से चार मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, पांच एटीएम कार्ड तथा 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
इस मामले में मझौलिया थाना कांड संख्या 755/26, दिनांक 7 सितंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी टीम में सदर-1 बेतिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार, मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अनुज कुमार ओझा, सहायक अवर निरीक्षक निलेश कुमार, पीटीसी राजीव रंजन कुमार सहित थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
15
15
Leave a review
