चांद (कैमूर)। चांद थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित गंभीर वारदात टल गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पूर्व के प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक ग्राम झझनी में अमरेंद्र ठाकुर के घर के पास अवैध देशी कट्टा लेकर पहुंचा है और गोली चलाने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
चांद थाना पुलिस के निर्देश पर ERV-21 की टीम को तत्काल बताए गए स्थान पर भेजा गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक के पास से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा बरामद कट्टे के बैरल से एक फायर किया हुआ खोखा भी मिलने की जानकारी दी गई है।
गिरफ्तार युवक की पहचान सत्यम कुमार (19 वर्ष) के रूप में की गई है, जो चांद थाना क्षेत्र का निवासी बताया जाता है। पुलिस ने हथियार और अन्य बरामद सामान को जब्त कर लिया है तथा आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मामले को लेकर चांद थाना अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने बताया कि सही समय पर गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बिना देरी किए कार्रवाई की। पुलिस की तत्परता के कारण संभावित गंभीर घटना को समय रहते रोका जा सका। उन्होंने बताया कि यदि सूचना पर तत्काल कार्रवाई नहीं की जाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। चांद थाना कांड संख्या 75/26 में उसके विरुद्ध पूर्व से मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
इस घटना के बाद इलाके में पुलिस की कार्रवाई की चर्चा तेज है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर पुलिस के पहुंचने से एक संभावित बड़ी घटना टल गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना की योजना और हथियार की व्यवस्था कैसे की गई थी।
15