नगर निगम कार्यालय में मेयर ने फहराया तिरंगा, स्वच्छता के साथ बेहतर गयाजी बनाने का लिया संकल्प

Live News 24x7
4 Min Read
  • नगर आयुक्त ने सभी गया जिला वासियों को स्वच्छ रखने का किया आह्वान, स्वतंत्रता दिवस की बधाई
गयाजी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को गयाजी नगर निगम कार्यालय परिसर में पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया है।
नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने तिरंगा फहराकर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को नमन किया है।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा है। समारोह में डिप्टी मेयर चिंता देवी, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य सह पूर्व डिप्टी मेयर डॉ. अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, पार्षद सारिका वर्मा, दीपक चंद्रवंशी, डिम्पल कुमार, कुंदन पासवान, गोपाल कुमार, अंजली कुमारी सहित बड़ी संख्या में पार्षद, पार्षद प्रतिनिधि एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे हैं।
इस अवसर पर मेयर गणेश पासवान ने शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम भारत की आजादी का 80वां पावन पर्व मना रहे हैं। यह दिन हमें उन महान वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। आजादी केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसके साथ देश और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं।
मेयर ने कहा कि नगर निगम का दायित्व केवल शहर की व्यवस्था संभालना नहीं, बल्कि गयाजी को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त शहर बनाना भी है। इसके लिए निगम के अधिकारी, कर्मचारी, सफाईकर्मी और जनप्रतिनिधि लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
स्वच्छ सर्वेक्षण में गयाजी की उपलब्धि का किया जिक्र
इस समारोह में सशक्त स्थायी समिति के सदस्य सह पूर्व डिप्टी मेयर डॉ. अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह दिन हमें अपनी आजादी की रक्षा, संविधान के सम्मान और देश की प्रगति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में गयाजी ने बिहार में पहला और देश में 27वां स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाईकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयास एवं सहभागिता का परिणाम है।
मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि यह उपलब्धि निश्चित रूप से गौरव का विषय है, लेकिन इसे अंतिम लक्ष्य नहीं माना जा सकता है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि आने वाले वर्षों में गयाजी देश के टॉप-10 स्वच्छ शहरों में अपनी जगह बनाए। इसके लिए शहरवासियों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
नगर आयुक्त ने दी शुभकामनाएं
नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने भी शहरवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं* है। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर हमें अपने शहर और देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
इस समारोह के दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों ने देश की एकता, अखंडता, स्वच्छता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान नगर निगम परिसर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा है।
17
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *