सभी बीमारियों की एक ही दवा है मेडिटेशन: महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद गिरी महाराज

Live News 24x7
5 Min Read
  • दस करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले भाई-बहनों का किया गया सम्मान
अशोक वर्मा
आबूरोड : ब्रह्माकुमारीज संस्थान के मुख्यालय शांतिवन के डायमंड हाल में दस करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें कनार्टक जोन में उत्कृष्ट सेवा करने वाले ब्रह्माकुमार भाई-बहनों का स्मृति चिंहृ देकर सम्मान किया गया। साथ ही महाराष्ट्र अहिल्यानगर के श्रीगंगागिरी महाराज संस्थान के मठाधीपति महंत रामगिरी महाराज, मुंबई से आए महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद सरस्वती महाराज और पुणे की साध्वी आचार्य जॉली का शॉल पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मुंबई से आए महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद गिरी महाराज ने कहा कि दुनिया में मिशन तो बहुत हैं लेकिन मैंने अनुभव किया है कि ब्रह्माकुमारीज़ एक ऐसा मिशन, संगठन है जहां सभी को प्रेम किया जाता है। जहां सभी की सेवा की जाती है। सभी को ब्रह्माभोजन कराते हैं, सबकी मदद करते हैं और किसी को दुख पहुंचाते नहीं हैं। जो आंसुओं को मोती में बदल दे, जो जीवन जीने की आशा छोड़ चुके हैं उनमें आशा का संचार कर दे और जिंदगी बना दे, उसे सद्गुरु कहते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी बीमारियों की एक ही दवा है- मेडिटेशन। जब मेंटल एसीडिटी हो जाए तो आपको यहां ब्रह्माकुमारीज़ में आना पड़ेगा। इससे मेंटल एसीडिटी दूर हो जाएगी। आज दुनिया में साधन संपन्न तो सभी हैं लेकिन यहां पर आकर आप साधना संपन्न करके जाएंगे। नवापारा की ब्रह्माकुमारी पुष्पा दीदी हर वर्ष बड़े स्तर पर कार्यक्रम करती हैं। कमा सको तो नाम कमाओ, दाम कमाना छोड़ दो। लगा सको तो बांध लगाओ, आग लगाना छोड़ दो। बिछा सको तो फूल बिछाओ, शूल बिछाना छोड़ दो और बढ़ा सको तो प्रेम बढ़ाओ, द्वेष बढ़ाना छोड़ दो।
तन और मन को शुद्ध करने के लिए कार्य किया जा रहा-
महाराष्ट्र अहिल्यानगर के श्रीगंगागिरी महाराज संस्थान के मठाधीपति महंत रामगिरी महाराज ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा तन और मन को शुद्ध करने के लिए जो कार्य किया जा रहा है यह बहुत ही सराहनीय है। इससे विश्व में शांति का संदेश जा रहा है। इसके लिए संस्थान को बहुत-बहुत साधुवाद है। नशामुक्ति को लेकर कहा कि व्यसन जीवन के लिए बर्बाद कर देता है। यह जीवन को नर्क बना देता है। किसी प्राणी को मारकर खा जाना भी एक व्यसन है। मदिरापान भी एक व्यसन है, यह जीवन को बर्बाद कर देता है।
आत्मा को एक नई शक्ति, ऊर्जा और शांति प्राप्त हुई-
पुणे की साध्वी आचार्य जॉली ने कहा कि मैं विश्वभर में कई संस्थानों में गईं हूं लेकिन यहां आकर जो पवित्रता और प्रेम की अनुभूति हुई वह कहीं नहीं हुई है। यहां आत्मा को एक नई शक्ति, ऊर्जा और शांति प्राप्त हुई। जब नारी शक्ति के साथ आध्यात्मिक शक्ति जुड़ती है तो वह केवल समाज ही नहीं पूरी विश्व को बदल सकती है। मेरे लिए ब्रह्माकुमारीज़ से जुड़ा केवल एक अनुभव नहीं था बल्कि आत्मा की एक यात्रा थी। ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा पूरे विश्व में सेवाएं की जा रही हैं। मैंने कल परमात्म मिलन किया। दादी ने जो ज्ञान दिया उनकी दिव्य दृष्टि अद्भुत रही।
कर्नाटक जोन के भाई-बहनों को किया सम्मानित-
इस दौरान मेडिकल विंग के सचिव और दस करोड़ नशामुक्ति महाअभियान के संयोजक डॉ. बनारसी लाल, गीता ज्ञान विशेषज्ञ राजयोगिनी बीके ऊषा दीदी ने कर्नाटक जोन के बेलगाम सबजोन निदेशिका बीके अंबिका दीदी, हुबली सबजोन की निदेशिका निर्मला दीदी और डॉ. बीके बसवराज भाई, गुलबर्गा सबजोन की निदेशिका विजया दीदी, मैसूर सबजोन की निदेशिका बीके लक्ष्मी दीदी, बैंगलुरु वीवीपुरम सबजोन की निदेशिका बीके अंबिका दीदी, बैंगलुरु सिटी सबजोन की निदेशिका बीके लीला दीदी, बैंगलुरु कुमारा पार्क सबजोन की निदेशिका बीके सरोज दीदी का विशेष रूप से सम्मान किया गया। इस दौरान धार्मिक प्रभाग इंदौर जोन के संयोजक बीके नारायण भाई, राजिम-नवापारा सेवाकेंद्र की इंचार्ज बीके पुष्पा दीदी, अहमदनगर के डॉ. दीपक हरके सहित बड़ी संख्या में भाई-बहनें मौजूद रहे।
31
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *