महावीरी झंडा जुलूस के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य शहर में हुआ फ्लैग मार्च

Live News 24x7
3 Min Read
मोतिहारी। महावीरी झंडा जुलूस के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से  शहर में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। यह फ्लैग मार्च एक ओर आम नागरिकों में सुरक्षा एवं प्रशासन के प्रति विश्वास की भावना को मजबूत करने तथा दूसरी ओर असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों को स्पष्ट संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया कि विधि-व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को प्रशासन द्वारा पूरी गंभीरता से लिया जाएगा।
फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी श्री अरुण कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार, प्रोबेशनर डीएसपी सुश्री कुमारी प्रियंका एवं श्री अभिषेक कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष नगर थाना, छतौनी थाना एवं मुफस्सिल थाना सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य पदाधिकारी एवं बल शामिल रहे।
प्रशासन द्वारा महावीरी झंडा जुलूस को लेकर सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई है। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, लगातार निगरानी तथा आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफी, सीसीटीवी ड्रोन कैमरा एवं अन्य माध्यमों से निगरानी की व्यवस्था की गई है। सोशल मीडिया पर भी आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन सभी नागरिकों से अपील करता है कि—
1. महावीरी झंडा जुलूस को पूर्ण शांति, भाईचारे एवं पारस्परिक सद्भाव के साथ संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।
2. जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग, समय एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।
3. किसी भी प्रकार के उत्तेजक, भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक नारे, गीत, पोस्टर या प्रदर्शन से बचें।
4. किसी दूसरे समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधि न करें।
5. सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक सूचना, पुराना वीडियो अथवा फर्जी खबर प्रसारित या साझा न करें। किसी सूचना की सत्यता के संबंध में संदेह होने पर उसे आगे न बढ़ाएं।
6. जुलूस के दौरान किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन/पुलिस को दें और स्वयं कानून हाथ में न लें।
7. यातायात व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखें तथा एम्बुलेंस, अग्निशमन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न करें।
8. अभिभावक अपने बच्चों एवं युवाओं को भी शांति एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित करें।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि धार्मिक आस्था और परंपरा का सम्मान करते हुए पर्व मनाना सभी की जिम्मेदारी है। शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन में प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा, लेकिन विधि-व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने, उपद्रव करने अथवा कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध विधि-सम्मत एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।
19
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *