- तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत कुल 364 छूटे हुए और प्रवासी लाभार्थियों को दवा खिलाने का लक्ष्य
- पिपराही के रतनपुर, बसहिया शेख और शिवहर प्रखंड के कुशहर गांव में आयोजित हुआ विशेष स्वास्थ्य शिविर
- मरीजों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र और सरकारी पेंशन योजनाओं की भी दी गई विस्तृत जानकारी
शिवहर। जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग और सहयोगी संस्थाओं द्वारा हाई प्राथमिकता वाले गांवों में विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। बुधवार को जिले के पिपराही प्रखंड अंतर्गत ग्राम रतनपुर व बसहिया शेख तथा शिवहर प्रखंड के ग्राम कुशहर में विशेष ग्राम शिविर का आयोजन किया गया।
इस अभियान के तहत पूर्व में दवा सेवन से वंचित रह गए लोगों तक पहुंच बनाने के लिए 18 से 20 नवंबर तक तीन दिनों में कुल 364 लक्षित लाभार्थियों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रवासी और छूटे हुए लोगों पर विशेष फोकस:
शिविर के दौरान स्वास्थ्य टीम ने मुख्य रूप से उन लाभार्थियों को लक्षित किया जो रोजगार या अन्य कारणों से बाहर रहने (प्रवासी) के कारण दवा नहीं खा पाए थे। इसके अलावा, पिछले सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) चक्र में छूटे हुए तथा आज तक कभी भी फाइलेरिया की दवा न खाने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें मौके पर ही दवा का सेवन कराया गया।
जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य अधिकारियों की रही सक्रिय भागीदारी:
यह पूरा कार्यक्रम संबंधित ग्राम पंचायत के मुखिया, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और चिकित्सा पदाधिकारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान सामुदायिक स्तर पर फाइलेरिया से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम में वीबीडीएस, बीसीएम के साथ-साथ पीरामल फाउंडेशन, शिवहर के प्रोग्राम लीडर रोहित कुमार और पीओ-सीडी नवीन कुमार मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
दिव्यांगता प्रमाण पत्र और पेंशन की मिली जानकारी:
दवा खिलाने के साथ-साथ शिविर में लिम्फेटिक फाइलेरिया (हाथीपांव) से ग्रसित मरीजों के पुनर्वास पर भी ध्यान दिया गया। पात्र मरीजों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया और सरकार द्वारा मिलने वाली पेंशन योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से अपील की कि वे सामुदायिक सहभागिता बढ़ाएं ताकि जिले का कोई भी पात्र व्यक्ति इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे।
21