एनक्यूएएस एवं कायाकल्प प्रमाणीकरण की तैयारी तेज, वैशाली की टीम ने किया सदर अस्पताल का गुणवत्ता मूल्यांकन

Live News 24x7
4 Min Read
  • तीन दिनों तक अस्पताल के सभी 21 विभागों का हुआ निरीक्षण, दवा प्रबंधन एवं फार्मेसी व्यवस्था की सराहना
  • साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण और बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट में सुधार के निर्देश
सीतामढ़ी। सदर अस्पताल सीतामढ़ी में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) एवं कायाकल्प प्रमाणीकरण की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से वैशाली सदर अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने तीन दिवसीय भ्रमण कर अस्पताल की गुणवत्ता का विस्तृत मूल्यांकन किया। इस दौरान टीम ने अस्पताल के सभी 21 विभागों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, दवाओं के रखरखाव एवं अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की।
दवा प्रबंधन एवं फार्मेसी व्यवस्था की हुई सराहना:
निरीक्षण टीम में वैशाली सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, जिला गुणवत्ता सलाहकार, अस्पताल प्रबंधक एवं एसएनसीयू  इंचार्ज शामिल थे। टीम ने अस्पताल के ड्रग स्टोर एवं फार्मेसी में दवाओं के सुव्यवस्थित रखरखाव और प्रबंधन की सराहना की। वहीं, अस्पताल में गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी सकारात्मक बताया। हालांकि, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, साफ-सफाई, हाइजीन एवं संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता जताई गई। विशेष रूप से ‘दीदी की रसोई’ में साफ-सफाई की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। पीरामल फाउंडेशन की टीम द्वारा गुणवत्ता सुधार एवं प्रमाणीकरण की तैयारियों में दिए जा रहे सहयोग की भी सराहना की गई।
एक सप्ताह में कमियां दूर करने का मिला निर्देश:
मूल्यांकन के समापन पर आयोजित बैठक में निरीक्षण टीम ने विभिन्न विभागों को सुधार संबंधी सुझाव दिए। सभी विभागों के प्रभारियों ने चिह्नित कमियों को एक सप्ताह के भीतर दूर करने का आश्वासन दिया। सिविल सर्जन डॉ. आर.के. यादव, अस्पताल उपाधीक्षक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं अस्पताल प्रबंधक ने सभी आवश्यक सुधार प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही, विभागाध्यक्षों एवं प्रभारियों को निर्धारित समय-सीमा में कमियां दूर कर अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया। लापरवाही बरतने पर आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. आर.के. यादव ने कहा कि निरीक्षण टीम ने अस्पताल के विभिन्न विभागों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं रिकॉर्ड संधारण पर संतोष व्यक्त किया है। साथ ही, आगामी राष्ट्रीय प्रमाणीकरण को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं, जिन पर गंभीरता से अमल किया जाएगा।
वहीं, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विजय झा ने कहा कि निरीक्षण से प्राप्त फीडबैक के आधार पर एनक्यूएएस एवं कायाकल्प प्रमाणीकरण की तैयारियों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। जिला गुणवत्ता सलाहकार एवं पीरामल फाउंडेशन की टीम के सहयोग से चिह्नित कमियों को दूर कर अस्पताल की व्यवस्थाओं को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुदृढ़ किया जाएगा।
इस तीन दिवसीय मूल्यांकन का मुख्य उद्देश्य सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं संस्थागत प्रबंधन को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करना तथा आगामी एनक्यूएएस एवं कायाकल्प प्रमाणीकरण के लिए अस्पताल को तैयार करना है।
17
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *