- पत्थरबाजी, मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ कर मुख्य गेट का ताला तोड़ा
- सरकारी कार्रवाई को दी खुली चुनौती, पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद
रामगढ़: हजारीबाग जिले के कोयला तस्करों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि अब उन्हें सरकारी कार्यालय और अधिकारियों का भी खौफ नहीं रह गया है। अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त तस्करों ने दुस्साहस की सारी हदें पार करते हुए वन विभाग के कार्यालय परिसर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। पत्थरबाजी की, वनकर्मियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की, कार्यालय के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और विभाग द्वारा जब्त किए गए अवैध कोयला लदे ट्रेलर को जबरन छुड़ाकर ले गए। सरकारी कार्यालय परिसर में हुई इस पूरी घटना ने जिले में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े तत्वों के बढ़ते मनोबल और कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देने की तस्वीर सामने ला दी है।
डीएफओ के निर्देश पर हुई थी कार्रवाई, रात 12:30 बजे पकड़ा गया ट्रेलर
जानकारी के अनुसार, डीएफओ नीतीश कुमार के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने मंगलवार की देर रात करीब 12:30 बजे हजारीबाग के गिद्दी थाना क्षेत्र के हेसला से अवैध कोयला लदे एक ट्रिप ट्रेलर को पकड़ा था। इसके बाद वन विभाग की टीम ट्रेलर संख्या 7456 को जब्त कर रांची रोड स्थित वन विभाग के कार्यालय परिसर में ले आई। विभाग की ओर से जब्त वाहन की चाबी अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही थी।
रात के अंधेरे में दर्जनों तस्करों ने कार्यालय पर बोला धावा
बताया जाता है कि इस कार्रवाई के कुछ ही देर बाद रात करीब 1:30 बजे दर्जनों की संख्या में हजारीबाग के कोयला तस्कर और उनके गुर्गे डीएफओ कार्यालय परिसर पहुंच गए। रात करीब दो बजे बदमाशों ने कार्यालय में तैनात दो वनकर्मियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद मुख्य गेट का सिकड़ और ताला तोड़ते हुए जबरन कार्यालय परिसर में प्रवेश कर गए। बदमाशों ने वनकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा ट्रेलर की चाबी छीन ली। इसके बाद जब्त अवैध कोयला लदे ट्रेलर को जबरन छुड़ाकर अपने साथ ले गए।
जब्त ट्रेलर छुड़ाने के बाद फैक्ट्री में गिराया कोयला
मामला यहीं नहीं थमा। वन विभाग के कार्यालय से जबरन ट्रेलर छुड़ाने के बाद बदमाश उसे उसी मार्ग पर स्थित एक फैक्ट्री में ले गए, जहां अवैध रूप से लदे कोयले को गिरा दिया। इसके बाद वे आराम से वहां से निकल गए। सरकारी विभाग की कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए वाहन को कार्यालय परिसर से इस तरह जबरन छुड़ा ले जाना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, आरोपियों की पहचान में जुटा विभाग
इस पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग वन विभाग की टीम ने ट्रेलर जब्त करने के दौरान भी की थी। वहीं, कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों द्वारा ट्रेलर छुड़ाने, तोड़फोड़ करने और वनकर्मियों के साथ मारपीट करने की पूरी घटना कैद हो गई है। डीएफओ नीतीश कुमार के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। मामले की सूचना रामगढ़ पुलिस को भी दे दी गई है। वन विभाग की ओर से भी अपने स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।
सरकारी कार्यालय की सुरक्षा और कोयला तस्करों के नेटवर्क पर उठे सवाल
वन विभाग के कार्यालय परिसर में घुसकर जब्त वाहन को छुड़ाने की यह घटना सामान्य आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि सरकारी कार्रवाई को सीधे तौर पर चुनौती देने वाला गंभीर मामला है। सवाल यह है कि आखिर कोयला तस्करों का नेटवर्क कितना मजबूत हो चुका है कि विभाग द्वारा जब्त किए गए वाहन को छुड़ाने के लिए वे आधी रात को सरकारी कार्यालय पर हमला करने का दुस्साहस कर रहे हैं? वनकर्मियों पर हमला, सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ और जब्त वाहन को जबरन ले जाने के मामले में अब पुलिस और वन विभाग की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
20