रामगढ़ (कैमूर): प्रखंड कृषि कार्यालय रामगढ़ में बीज वितरण के दौरान कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। किसानों की शिकायत पर कृषि सलाहकार समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित डीलर को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने मामले की शिकायत जिला कृषि पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी से करते हुए पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
अशोक चौधरी ने कहा कि किसानों को बीज वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों की मेहनत और उनके अधिकारों के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता और मालिक हैं। जाड़ा, गर्मी और बरसात जैसी तमाम कठिन परिस्थितियों में मेहनत करके किसान अनाज पैदा करते हैं और पूरे समाज का पेट भरने का काम करते हैं। ऐसे में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कृषि सलाहकार समिति के अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों के साथ अन्याय या बीज वितरण में अनियमितता करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
अशोक चौधरी ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे किसानों की आवाज बनकर हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। किसानों के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है और उनके रहते किसानों के साथ किसी भी तरह की मनमानी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
24