12शिक्षा और समाजसेवा की बुलंद आवाज खामोश, पूर्व मुखिया देव नारायण सिंह के निधन से रामगढ़ में शोक
रामगढ़। कैमूर जिले के रामगढ़ प्रखंड क्षेत्र के सहुका पंचायत के पूर्व मुखिया सह सरस्वती शिशु मंदिर रामगढ़ के संस्थापक सचिव एवं रोहतास, औरंगाबाद और कैमूर के विभाग संयोजक देव नारायण सिंह का 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मंगलवार की रात करीब नौ बजे वाराणसी के हेरिटेज हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही रामगढ़, सहुका और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके पैतृक गांव डहरक स्थित आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि देने लगे।
सरस्वती शिशु मंदिर रामगढ़ के प्रिंसिपल राजीव रंजन सिंह ने बताया कि कुछ दिन पूर्व सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक देव नारायण सिंह की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें हार्ट अटैक आने के बाद तत्काल वाराणसी के हेरिटेज हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें पैतृक गांव डहरक लाया गया था। हालांकि शनिवार को अचानक उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उन्हें फिर वाराणसी के हेरिटेज हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां मंगलवार की रात उनका निधन हो गया।
दो कार्यकाल तक रहे मुखिया
देव नारायण सिंह का सार्वजनिक जीवन और सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे वर्ष 2001 से 2006 तथा 2011 से 2016 तक सहुका पंचायत के मुखिया रहे। पंचायत के विकास कार्यों के साथ-साथ वे शिक्षा के क्षेत्र से भी लंबे समय तक जुड़े रहे। सरस्वती शिशु मंदिर रामगढ़ के संस्थापक सचिव के रूप में विद्यालय की स्थापना और शैक्षणिक गतिविधियों से उनका विशेष जुड़ाव रहा।
उनके निधन की खबर के बाद डहरक स्थित पैतृक आवास पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। ग्रामीणों और परिचितों के बीच उनके व्यक्तित्व, सामाजिक योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की चर्चा होती रही। क्षेत्र के लोगों ने उनके निधन को समाज और शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
परिवार में भी शोक का माहौल
बताया गया कि देव नारायण सिंह के दो पुत्र हैं। उनके बड़े पुत्र झारखंड में एडिशनल एसपी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि छोटे पुत्र गांव में रहकर परिवार के साथ रहते हैं। पिता के निधन की खबर के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
देव नारायण सिंह की अंतिम यात्रा उनके पैतृक गांव से निकाली जाएगी। उनके अंतिम दर्शन के लिए क्षेत्र के लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े लोगों ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
Crime Khabar परिवार की ओर से दिवंगत देव नारायण सिंह को भावपूर्ण श्रद्धांजलि एवं शत-शत नमन।
12
12
Leave a review
