10बेतिया : चार सितंबर की रात घर से निकली 12 वर्षीय छात्रा, अब तक नहीं लौटी
अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कभी मुजफ्फरपुर तो कभी रामनगर की बताई गई लोकेशन
परिजनों ने बहला-फुसलाकर ले जाने की जताई आशंका
मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के चंनायन बांघ वार्ड -13 से 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। बेटी के गायब होने के बाद से मां तिजी देवी की बेचैनी बढ़ती जा रही है। वहीं, अलग-अलग मोबाइल नंबरों से आए फोन और बदलती लोकेशन ने मामले को और पेचीदा बना दिया है। परिजनों ने छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए मझौलिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।प्राथमिकी के अनुसार, तिजी देवी की 12 वर्षीय बेटी सीमा कुमारी राजकीय प्राथमिक विद्यालय मुसहरी टोला में पांचवीं कक्षा की छात्रा है। चार सितंबर की रात करीब 11 बजे वह घर से निकली, जिसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।इसी बीच आठ सितंबर को एक मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन पर कथित तौर पर छात्रा ने खुद को मुजफ्फरपुर स्थित आंख अस्पताल में होने की जानकारी दी। परिवार इस सूचना की पुष्टि कर पाता, इससे पहले 10 सितंबर को दूसरे नंबर से फोन आया और छात्रा की लोकेशन रामनगर बताई गई। अलग-अलग स्थानों की जानकारी मिलने से परिजनों का संदेह और गहरा गया।परिजनों के अनुसार, बताए गए मोबाइल नंबर पर पांच हजार रुपये ऑनलाइन भेजे गए, लेकिन इसके बाद भी छात्रा घर नहीं लौटी। मां ने दोनों मोबाइल नंबर धारकों पर संदेह जताते हुए पुलिस से बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने डीएसपी समेत वरीय अधिकारियों से भी छात्रा की तलाश में सहयोग की मांग की है।
10
10
Leave a review
