कैमूर में शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन! भभुआ में ऑटो से 334 टेट्रा पैक बरामद, चालक गिरफ्तार; रामगढ़ में 36 लीटर देशी शराब जब्त

Live News 24x7
2 Min Read

कैमूर (भभुआ/रामगढ़): बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कैमूर जिले में पुलिस ने शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शराब की खेप बरामद की है। भभुआ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना के सामने से एक सीएनजी ऑटो से 334 पीस 8PM टेट्रा पैक बरामद किया है। मामले में ऑटो चालक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चालक की पहचान चैनपुर निवासी डब्बू पासवान, पिता जितेंद्र पासवान के रूप में हुई है। भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सीएनजी ऑटो के जरिए शराब की खेप भभुआ लाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान 334 पीस 8PM टेट्रा पैक शराब बरामद हुई। इसके बाद शराब और ऑटो को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अब गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस कारोबार में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका और संभावित तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

वहीं दूसरी कार्रवाई रामगढ़ थाना क्षेत्र में हुई। रामगढ़ थाना पुलिस ने शराब के विरुद्ध छापामारी के दौरान जलधारा मोड़ के पास से चार पेटी देशी शराब बरामद की। पुलिस के मुताबिक कुल करीब 36 लीटर देशी शराब थी। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने के दौरान आरोपी मोटरसाइकिल से शराब फेंककर फरार हो गए।

रामगढ़ थाना अध्यक्ष सुमित कुमार के अनुसार बरामद शराब के मामले में एक नामजद आरोपी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

कैमूर पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों के बाद शराब तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का कहना है कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

15
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *