स्कूलों की व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, मैट्रिक-इंटर परीक्षा 2027 की तैयारी समय पर करें : उपायुक्त ऋतुराज

Live News 24x7
6 Min Read
  • रामगढ़ में प्रधानाध्यापकों के साथ डीसी की समीक्षा बैठक, प्रोजेक्ट रेल से लेकर KPMG रिपोर्ट तक शिक्षा व्यवस्था की खुली पड़ताल
रामगढ़:जिले के सरकारी माध्यमिक एवं प्लस टू विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं को बेहतर बनाने को लेकर उपायुक्त ऋतुराज ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिले के सभी सरकारी माध्यमिक एवं +2 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, प्रोजेक्ट रेल, आकलन परीक्षा, मैट्रिक-इंटर परीक्षा 2027 की तैयारियों सहित विद्यालयी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा विद्यार्थियों के हित में सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रोजेक्ट रेल और आकलन परीक्षा की स्थिति की ली जानकारी
बैठक के दौरान प्रोजेक्ट रेल एवं आकलन परीक्षा के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालय स्तर पर संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 को लेकर विद्यालयों में की जा रही तैयारियों की भी जानकारी ली गई। उपायुक्त ने सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा परीक्षा संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने पर विशेष जोर दिया।
MDM से लेकर विज्ञान प्रयोगशाला तक व्यवस्थाओं की समीक्षा
बैठक में विद्यालयों की व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। इसमें मध्याह्न भोजन (MDM), पाठ्योजना, विद्यालय रूटीन, पुस्तकालय, साफ-सफाई, शौचालय, रख-रखाव, स्टॉक पंजी एवं विज्ञान प्रयोगशाला सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल रहीं।
उपायुक्त ने विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली। आवश्यक निर्माण कार्यों, रख-रखाव तथा आगामी योजनाओं पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। सभी प्रधानाध्यापकों को विद्यालय की व्यवस्थाओं का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
छात्रवृत्ति और सावित्रीबाई फुले योजना का भी लिया जायजा
विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में छात्र कोष,विकास कोष, IFA एवं एल्बेंडाजोल की गोलियों के वितरण, छात्रवृत्ति, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, पेयजल एवं विद्युत सुविधा आदि की स्थिति की जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रधानों को निर्देश दिया कि पात्र विद्यार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा विद्यालय स्तर पर आवश्यक अभिलेखों का सही तरीके से संधारण सुनिश्चित किया जाए।
विद्यालयी अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश
समीक्षा बैठक में विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं विभिन्न संधारित पंजीयों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने तथा विद्यालय की गतिविधियों का नियमित रूप से संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विद्यार्थियों की पढ़ाई को और प्रभावी बनाने तथा विद्यालयी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
FiLo कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
बैठक में FiLo कार्यक्रम के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। इसके तहत विद्यालयों में संचालित गतिविधियों, विद्यार्थियों को मिल रहे लाभ तथा संबंधित अभिलेखों के संधारण की स्थिति की जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा विद्यालय स्तर पर निर्धारित गतिविधियों एवं अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
KPMG रिपोर्ट में जिले का प्रदर्शन सुधारने पर चर्चा
राज्य स्तर से शिक्षा विभाग के लिए प्रत्येक माह जारी होने वाली KPMG रिपोर्ट में रामगढ़ जिले के प्रदर्शन को और बेहतर करने से संबंधित बिंदुओं की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्धारित संकेतकों पर विशेष ध्यान देने तथा जिले के प्रदर्शन में निरंतर सुधार लाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था के प्रत्येक महत्वपूर्ण पहलू पर नियमित निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन से ही विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास प्राथमिकता : डीसी
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर आधारभूत सुविधाएं, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए सभी योजनाओं एवं गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विद्यालय स्तर पर लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा आगामी परीक्षाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की समयबद्ध तैयारी करने पर विशेष जोर दिया। बैठक का उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं, छात्र कल्याण योजनाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील, जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी, डीएमएफटी की टीम, कनीय अभियंता सहित जिले के सभी सरकारी माध्यमिक एवं +2 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।
17
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *