जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा “सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान”

Live News 24x7
8 Min Read
  • जनभागीदारी, स्वच्छता, जागरूकता, सांस्कृतिक एवं जनसेवा से जुड़ी गतिविधियाँ होगी संचालित
मोतिहारी. सरकार के सचिव, कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना से प्राप्त पत्र के आलोक में 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” को प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन किया जाना है। इसको लेकर ज़िलाधिकारी पूर्वी चंपारण की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डॉ राजेंद्र प्रसाद सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे जबकि अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।
 उक्त बैठक में उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले में सार्वजनिक परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण, अनुरक्षण एवं जनसुविधाओं के उन्नयन के उद्देश्य से विशेष अभियान “सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी जिससे संबंधित आदेश निर्गत है।
      अभियान का उद्देश्य सरकारी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर रख-रखाव के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देना, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
 निर्धारित कार्यक्रम एवं गतिविधियां
      1. “आशावाद का दीया” — 17 सितंबर 2026, संध्या पहर
    जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड मुख्यालय में महत्वपूर्ण स्थलों सहित सभी ग्राम पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, सामुदायिक भवन तथा प्रमुख टोला क्षेत्र में दीप प्रज्ज्वलित की जाएगी। इस गतिविधि के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की भागीदारी के साथ सेवा एवं विकास के प्रति सकारात्मक संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के लिए जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका/कार्यक्रम पदाधिकारी, बीपीएम-जीविका एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को नोडल दायित्व दिया गया है। जिला स्तर पर मोतिहारी में अटल पथ पर आशीर्वाद का दिया जलाया जाएगा।
2. “सेवा चित्र” — 17 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 के बीच
     जिले के अंतर्गत सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में “विकसित भारत संकल्प” तथा “25 साल में सेवा कार्य विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण के विषयों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
3. “सेवा स्मरण” — 2 अक्टूबर से 12 अक्टूबर 2026 तक
   पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्य, प्रमुख  जनकल्याणकारी योजनाओं तथा देश में आए बदलावों की कहानियों को गीतात्मक एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इस गतिविधि के जरिए विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी प्रयासों को रचनात्मक एवं सांस्कृतिक माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम का नोडल दायित्व कला एवं संस्कृति विभाग को दिया गया है।
4. “आंगन का मिलन” —
   जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका एवं आशा कर्मियों के सम्मान, अनुभव संवाद एवं बच्चों की मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सेवाएं देने वाले कर्मियों के योगदान को सम्मानित करना तथा बच्चों एवं समुदाय के बीच सकारात्मक संवाद एवं सहभागिता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस एवं सिविल सर्जन को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
5. “कहानी बदलाव की” — 17 सितंबर 2026 से प्रारंभ
   इस गतिविधि के अंतर्गत वास्तविक वीडियो/रील तैयार कर डिजिटल संग्रह बनाया जाएगा तथा उनका नियमित प्रकाशन किया जाएगा। इन वीडियो एवं रील के माध्यम से विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े वास्तविक अनुभवों तथा सकारात्मक बदलाव की कहानियों को डिजिटल माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम का नोडल दायित्व सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को दिया गया है।
6. “सेवा ज्योति यात्रा”
    इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में पदयात्रा, साइकिल यात्रा एवं बाइक यात्रा आयोजित की जाएगी। साथ ही “मेरा युवा भारत” के स्वयंसेवकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को सेवा एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना तथा जनभागीदारी के माध्यम से सेवा भावना को व्यापक रूप देना है। कार्यक्रम का नोडल दायित्व कला एवं संस्कृति विभाग को सौंपा गया है।
  7. “सेवा मेरा योगदान” — 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 के बीच
    इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें—
कम से कम दो स्थलों के प्रत्यक्ष दृश्य परिवर्तन के पहले एवं बाद के फोटो एवं वीडियो तैयार करना।
प्रत्येक विद्यालय/शैक्षणिक संस्थान में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित करना।
तालाबों एवं छठ घाटों की सफाई को प्रमुख सेवा गतिविधि के रूप में शामिल करना।
इन सभी गतिविधियों को संबंधित पोर्टल पर अपलोड करना।
इस कार्यक्रम का नोडल दायित्व नगर निगम/जिला समन्वयक (स्वच्छता)-/जिला पंचायत राज पदाधिकारी को दिया गया है।
   8. सेवा सेतु अभियान
     इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों में सेवा सेतु शिविर के लिए कैलेंडर तैयार किया जाएगा।     शिविरों में प्राप्त आवेदनों को लाभार्थी डाटा बैंक के रूप में तैयार किया जाएगा तथा आवेदनों के निष्पादन एवं योजनाओं का लाभ लाभुकों तक पहुंचाने की तैयारी की जाएगी। साथ ही इन गतिविधियों की फोटो एवं वीडियो पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। यह कार्यक्रम सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे आम नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। कार्यक्रम के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
    9. सेवा के रंग
इस कार्यक्रम के अंतर्गत घर-घर से राष्ट्र तक-आभार और संकल्प की रंगोली के तहत एक निर्धारित तिथि को जिला के प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर ह्यूमन रंगोली का आयोजन किया जाएगा, जिसका विषय भारत सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाएं, राष्ट्रीय प्रतीक तथा विकसित भारत का सपना होगी। कार्यक्रम के लिए कला एवं संस्कृति विभाग को नोडल दायित्व दिया गया है।
जनभागीदारी से बनेगा अभियान प्रभावी
    जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों, पदाधिकारियों एवं संबंधित संस्थाओं को निर्धारित तिथि एवं समय के अनुरूप कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।    अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, जनभागीदारी, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं विकास के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा।
   बैठक में नगर आयुक्त आशीष कुमार, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा,अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) शैलेंद्र कुमार भारती, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन गिरी, जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती निवेदिता, उप समाहर्ता नजारत श्रीमती प्रेमलता, प्रभारी जिला गोपनीय शाखा श्री अमरेश कुमार, निदेशक डीआरडीए डॉ कुंदन कुमार व जयराम चौरसिया, जिला कल्याण पदाधिकारी संतोष कुमार पांडे सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
24
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *