- गया को विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में बड़ी पहल
गया जी। विश्वप्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर परिसर के समग्र विकास और फल्गु नदी जोड़ योजना को लेकर बिहार सरकार ने बड़ी पहल की है। दोनों महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए कुल 3516.05 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इसमें विष्णुपद मंदिर परिसर के विकास के लिए 2520 करोड़ और फल्गु नदी जोड़ योजना के लिए 996.05 करोड़ रुपये शामिल हैं। योजना के माध्यम से विष्णुपद परिसर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विश्वस्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम होगा। हम के जिलाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि शिबगतुल्लाह खान उर्फ टूटू खान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विष्णुपद मंदिर में पितृपक्ष के अलावा वर्षभर देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर परिसर के समग्र विकास से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा गया को अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
फल्गु नदी जोड़ योजना से नदी में निरंतर जल प्रवाह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इससे पिंडदान, तर्पण और अन्य धार्मिक अनुष्ठान सुगमता से हो सकेंगे। साथ ही गया और औरंगाबाद के सूखाग्रस्त क्षेत्रों में सिंचाई सुविधा, जल उपलब्धता, औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और बिहार की जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने पर गया की हजारों वर्ष पुरानी धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा को मजबूती मिलेगी और रोजगार, व्यापार तथा क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का यह सपना था कि सोन नहर का पानी सीधे गया जी के घोड़ा घाट में गिरे और उसके बाद फल्गु नदी में पानी आए। फल्गु नदी में कम से कम 10 फीट पानी का हमेशा भराव बना रहे और नौका विहार हो तथा देश-विदेश के पर्यटकों तथा तीर्थयात्रियों को भी उसका लाभ मिल पाए।
31