मोतिहारी (पूर्वी चम्पारण). जिले में खोए और चोरी हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत मोतिहारी पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कुल 102 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 21 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इन सभी 102 मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों के सुपुर्द किया। अपने गुम हुए फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
किस वर्ग के कितने लोगों को मिले मोबाइल
बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों में वितरित किया गया, जिनमें विद्यार्थी (20), गृहिणी (05), किसान (08), सरकारी नौकरी वाले (13), मिस्त्री (03), व्यवसायी (08), प्राइवेट नौकरी वाले (07), अधिवक्ता (01), ड्राइवर (04), मजदूर (07) एवं अन्य (26) शामिल हैं।
अब तक 2058 मोबाइल लौटा चुकी है मोतिहारी पुलिस
मोतिहारी पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत अब तक कुल 21 चरणों में 4 करोड़ 6 लाख 61 हजार रुपये मूल्य के 2058 मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि मोतिहारी पुलिस की तरफ से यह मुहिम लगातार जारी रहेगी।
CEIR पोर्टल और विशेष टीम की रही अहम भूमिका
इस चरण में बरामद कुल 102 मोबाइलों में से 10 मोबाइल ‘ऑपरेशन मुस्कान’ टीम तथा 92 मोबाइल ‘CEIR PORTAL’ के माध्यम से ट्रैक कर बरामद किए गए हैं।
बरामद करने वाली टीम: पु०अ०नि० करण कुमार सिंह (प्रभारी, जिला आसूचना इकाई, मोतिहारी), स०अ०नि० निक्कु कुमार सिंह, सिपाही ललन कुमार, सिपाही संतोष कुमार एवं जिले के सभी थानाध्यक्ष।
मोबाइल खोने पर यहाँ करें शिकायत
मोतिहारी पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9470248818 पर संपर्क करें अथवा आधिकारिक वेबसाइट www.ceir.gov.in के माध्यम से तुरंत ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
31