कलम के सिपाहियों को मिलेगा नया मंच: 2027 से शुरू होगा ‘आर. के. सिन्हा पत्रकारिता सम्मान

Live News 24x7
4 Min Read
  • उस्ताद बिस्मिल्लाह खां ट्रस्ट ने की बड़ी पहल; पत्रकारिता व लेखन की विभूतियों को किया जाएगा अलंकृत, ऋतुराज सिन्हा के सहयोग से संवरेगी पिता की विरासत                                          मुख्य संरक्षक को ट्रस्ट की सच्ची श्रद्धांजलि
  • मातृभूमि बक्सर की यादें और जल्द आने वाली बायोग्राफी
पटना: अपनी लेखनी, उद्यमिता और जनसेवा से समाज पर अमिट छाप छोड़ने वाले वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, एसआईएस समूह के संस्थापक एवं भाजपा के संस्थापक सदस्य स्व. आर. के. सिन्हा (रविंद्र किशोर सिन्हा) की यादों को जीवंत रखने के लिए एक नई परंपरा की शुरुआत होने जा रही है। शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खां ट्रस्ट ने वर्ष 2027 से हर साल ‘आर. के. सिन्हा पत्रकारिता सम्मान’ देने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष व प्रख्यात लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि यह प्रतिष्ठित सम्मान पत्रकारिता और लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को प्रदान किया जाएगा।
स्व. सिन्हा के व्यक्तित्व को याद करते हुए मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने कहा कि वे लाखों परिवारों के संरक्षक थे, जिन्होंने अपने जीवन में असंख्य पत्रकारों और जरूरतमंदों का हाथ थामा। वर्ष 2022 में पटना के एक भव्य समारोह में ट्रस्ट ने उन्हें ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया था, जहां उन्होंने लिखित रूप से ट्रस्ट का मुख्य संरक्षक बनना स्वीकार किया था। अपने उसी अभिभावक और मुख्य संरक्षक के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए ट्रस्ट ने यह पुरस्कार शुरू करने का संकल्प लिया है।
श्रीवास्तव ने कहा कि स्व. आर. के. सिन्हा ने समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने और सेवा करने की जो समृद्ध विरासत तैयार की थी, आज उनके सुपुत्र एवं एसआईएस समूह प्रमुख ऋतुराज सिन्हा उसे पूरी निष्ठा व ऊर्जा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। ट्रस्ट को पूर्ण विश्वास है कि ऋतुराज सिन्हा के मार्गदर्शन से यह पुरस्कार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा और स्व. सिन्हा के विचारों को नई पीढ़ी से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।
स्व. सिन्हा के बेहद करीबी रहे मुरली ने बताया कि उन्होंने सिन्हा साहब के जीवन पर एक बायोग्राफी लिखी है, जो बहुत जल्द प्रकाशित होने वाली है। इस जीवनी को प्रामाणिक रूप देने के लिए खुद आर. के. सिन्हा ने उन्हें दिल्ली, ऋषिकेश, हरिद्वार, वाराणसी, पटना, बक्सर और देहरादून जैसे प्रमुख स्थानों की यात्रा कराई थी।
वर्ष 2024 के दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि बक्सर की महान विभूतियों की जन्मस्थलियों के भ्रमण के दौरान अपनी जन्मभूमि आकर सिन्हा साहब बेहद भावुक और प्रफुल्लित थे। श्रीवास्तव ने कहा कि वे ऋतुराज सिन्हा और ट्रस्ट के साथ मिलकर स्व. सिन्हा की रचनाओं व आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान जारी रखेंगे। उल्लेखनीय है कि मुरली मनोहर श्रीवास्तव इससे पहले भी उस्ताद बिस्मिल्लाह खां पर पुस्तक लिखने, उनकी स्मृति में राजकीय समारोह शुरू कराने और डुमरांव में संगीत महाविद्यालय की स्थापना जैसी महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पहलों को सफल बना चुके हैं।
28
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *