अशोक वर्मा
अरेराज । श्रावण मास की अंतिम सोमवारी के अवसर पर बाबा सोमेश्वर नाथ मंदिर परिसर में आयोजित श्री सोमेश्वर नाथ सावन महोत्सव 2026 की भक्तिमय संध्या में देर रात तक नृत्य, संगीत और भजनों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने सैकड़ों शिवभक्तों को भक्ति के सागर में डुबोए रखा। श्री सोमेश्वर नाथ संगीत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक स्वस्ति वाचन के साथ हुआ। अरेराज मंदिर पीठाधीश सह महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री रविशंकर गिरि जी महाराज एवं माननीया मुख्य न्यायाधीश श्रीमती श्वेता सिंह, मुजफ्फरपुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। अतिथियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर श्री रविशंकर गिरि जी महाराज ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते रहने चाहिए। उन्होंने आयोजन संस्था को साधुवाद दिया।
अरेराज नगर पंचायत अध्यक्ष अमितेष कुमार पाण्डेय उर्फ रन्टू पाण्डेय ने कलाकारों को सम्मानित करते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं शिक्षाविद् प्रमोद मिश्रा ने संस्था के विकास में योगदान के लिए नगद पुरस्कार प्रदान किया तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में गणेश वंदना, शिव तांडव नृत्य एवं विभिन्न भक्ति भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां हुईं। संस्था के निदेशक कृष्णा गुप्ता, पल्लवी तिवारी, शिखा, सलोनी उपाध्याय, श्रेया, मनु, पलक, रविशंकर एवं एकता गुप्ता ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
24