मंत्रालय की ओर से राज्य के 24 जनजातीय बहुल जिलों में ‘जनजातीय गरिमा उत्सव’ का हुआ शुभारंभ

Live News 24x7
3 Min Read

पटना। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में सोमवार को राज्य स्तरीय ओरियंटेशन सत्र के माध्यम से “जनजातीय गरिमा उत्सव” के तहत “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान का शुभारंभ हुआ। जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित इस अभियान के पहले दिन 24 जनजातीय बहुल जिलों में जिला पदाधिकारियों ने कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इसके अंतर्गत 74 प्रखंडों के 771 जनजातीय गावों में व्यापक स्तर पर सेचुरेशन कैंप, प्लांटेशन ड्राइव, हेल्थ कैंप, जन-जागरूकता कार्यक्रम, लाभुकों के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित ऑन-द-स्पॉट सेवा सहित अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

वहीं 21 मई से 23 मई के बीच संबंधित गावों में जन सुनवाई शिविर आयोजित कर स्थानीय समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान के दौरान पात्र लाभुकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, आधार एवं दस्तावेज सत्यापन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, पेंशन, राशन कार्ड, बैंकिंग सेवाओं एवं अन्य आवश्यक सरकारी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। राज्य स्तर से इसकी सतत मॉनिटरिंग की जाएगी तथा सभी जिलों से प्रतिदिन प्रगति प्रतिवेदन भी लिया जाएगा।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि जनजातीय क्षेत्रों में संचालित होने वाले सभी कार्यक्रमों का क्रियान्वयन मिशन मोड में सुनिश्चित किया जाए और यह ध्यान रखा जाए कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कैंप में अधिक से अधिक लोग शामिल हों। आगे कहा कि यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजातीय समुदायों के सम्मान, अधिकार एवं विकास से जुड़ा व्यापक सामाजिक अभियान है।

मौके पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अधिकारियों ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा, गतिविधियों की समय-सीमा, मॉनिटरिंग व्यवस्था एवं विभागवार दायित्वों की जानकारी दी।

एससी-एसटी कल्याण विभाग ने सभी संबंधित विभागों, जिला प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। हाइब्रिड मोड में आयोजित इस सत्र में विभाग के सचिव संदीप आर पुडकलकट्टी, निदेशक प्रियंका रानी, संबंधित जिलों के जिला पदाधिकारी समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।

32
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *