ओवैस, वियान, कुशाग्र और आरव ने पदक जीतकर जिले का बढ़ाया मान
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए प्रतीक कुमार, खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन की हुई सराहना
गया जी। गया जिले के युवा तैराकों ने बिहार राज्य सीनियर तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर बुधवार को शहर के विष्णुपद स्थित सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां विजेता खिलाड़ियों को मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह का आयोजन गया जिला तैराकी संघ की ओर से किया गया।
गया जिला तैराकी संघ के सचिव प्रह्लाद गुर्दा ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि 10 मई को पटना के बांकीपुर क्लब में आयोजित बिहार राज्य सीनियर तैराकी प्रतियोगिता में गया के खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता में गया शहर के ओल्ड करीमगंज निवासी ओवैस खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले और 100 मीटर फ्रीस्टाइल में कांस्य पदक जीता। इसके अलावा उन्होंने 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में रजत तथा 4×100 मीटर मेडले रिले में कांस्य पदक जीतकर टीम को मजबूती प्रदान की। उनके प्रदर्शन की कोचिंग स्टाफ और खेल विशेषज्ञों ने जमकर सराहना की।
बोधगया निवासी वियान कुमार ने 400 मीटर फ्रीस्टाइल में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। साथ ही उन्होंने टीम इवेंट में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं गया शहर के आरव और दुभल निवासी कुशाग्र कुमार ने रिले स्पर्धाओं में शानदार तालमेल दिखाते हुए रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।
खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन ने गया को प्रतियोगिता में विशेष पहचान दिलाई। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की तकनीक, गति और अनुशासन की दर्शकों एवं खेल विशेषज्ञो ने जमकर प्रशंसा की। इसी प्रतियोगिता में गया जिले के सूर्यकुंड देवघाट निवासी प्रतीक कुमार ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। लगातार बेहतर प्रदर्शन, अनुशासन और समर्पण के आधार पर खिलाड़ियों यह सम्मान प्रदान किया गया।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर अभिभावकों और प्रशिक्षकों ने खुशी जताई है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इन खिलाड़ियों को आगे भी बेहतर प्रशिक्षण और अवसर मिलता रहा तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गया जिले का नाम रोशन करेंगे।
24
