फुलकाहा के वार्ड-10 में एंटी-फाइलेरिया दवा सेवन शिविर का आयोजन, वंचित लाभार्थियों को किया गया प्रेरित

Live News 24x7
2 Min Read
-फरवरी अभियान में छूटे 45 लाभार्थियों की हुई पहचान
फाइलेरिया मरीजों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र व पेंशन योजना की दी गई जानकारी
-स्वास्थ्य विभाग व पीरामल फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से सफल रहा कार्यक्रम
शिवहर। सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) कार्यक्रम के तहत गुरुवार को डुमरी कटसरी प्रखंड अंतर्गत ग्राम फुलकाहा के वार्ड संख्या-10 में विशेष एंटी-फाइलेरिया दवा सेवन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य फरवरी माह में चलाए गए अभियान के दौरान किसी कारणवश दवा खाने से वंचित रह गए लोगों तथा अब तक एक बार भी दवा का सेवन नहीं करने वाले व्यक्तियों को जागरूक कर दवा खिलाना था।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य टीम द्वारा कुल 45 छूटे हुए लाभार्थियों को चिह्नित किया गया। इनमें 33 ऐसे लोग शामिल हैं जो पिछली बार दवा सेवन से छूट गए थे, 08 लोग बाहर रहने के कारण दवा नहीं ले पाए थे, जबकि 04 ऐसे व्यक्ति पाए गए जिन्होंने कभी भी फाइलेरिया की दवा का सेवन नहीं किया था।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को सूचित किया गया कि जो लाभार्थी किसी कारणवश आज भी दवा नहीं खा सके हैं, वे नजदीकी उप स्वास्थ्य केंद्र फुलकाहा में जाकर निःशुल्क दवा का सेवन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, फाइलेरिया से प्रभावित मरीजों को सरकारी सहायता का लाभ दिलाने के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया और दिव्यांगता पेंशन योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संचारी रोग कार्यक्रम पदाधिकारी नवीन कुमार मिश्रा, पीरामल फाउंडेशन (शिवहर) की टीम, सीएचओ गोविंद कुमार, एएनएम साक्षी कुमारी, आशा कार्यकर्ता मालती देवी, शोभा कुमारी, वीणा कुमारी तथा आंगनबाड़ी सेविका मंजू त्रिवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में स्वास्थ्य कर्मियों ने सभी ग्रामीणों से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार दवा का सेवन कर समाज को फाइलेरिया मुक्त बनाने की अपील की।
10
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *